
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में इन दिनों बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने की कोशिश हो रही है। खेल मैदानों में दौड़ते कदम, तीरंदाजी में लक्ष्य साधते हाथ और फुटबॉल मैदान में गूंजता उत्साह इस बात का संकेत दे रहा है कि ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों की प्रतिभाएं अब अवसर मिलने पर अपनी अलग पहचान बनाने को तैयार हैं।
जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल शिविर बच्चों के लिए केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके भविष्य को संवारने का मंच बनता जा रहा है। एजुकेशन सिटी में आयोजित इस आवासीय शिविर में जिले के अलग-अलग सुदूर क्षेत्रों से आए बच्चे पूरी लगन और उत्साह के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं।
कलेक्टर विश्वदीप और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान देना और उन्हें बेहतर संसाधनों से जोड़ना है। शिविर में जिले के चारों विकासखंडों से आए 260 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी के प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को दो पालियों में नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें वालीबाल, फुटबॉल, सॉफ्टबॉल, तीरंदाजी, बैडमिंटन, तैराकी, एथलेटिक्स और कबड्डी जैसे खेल शामिल हैं। प्रशिक्षक बच्चों को सिर्फ खेल की तकनीक ही नहीं सिखा रहे, बल्कि उन्हें फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना का महत्व भी समझा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Chhattisgarh News: सुशासन तिहार में दिव्यांग महिला को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, छलकी खुशी
इस शिविर की खास बात यह है कि यहां बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रतिदिन योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बच्चे शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से मजबूत बन सकें। इसके अलावा बच्चों को सेंट्रल लाइब्रेरी में सामान्य ज्ञान और शैक्षणिक गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि खेल और शिक्षा का संतुलन ही बच्चों को भविष्य में बेहतर नागरिक और सफल खिलाड़ी बना सकता है।
बीजापुर जैसे आदिवासी और दूरस्थ जिले में इस तरह का खेल शिविर कई बच्चों के लिए जीवन बदलने वाला अवसर साबित हो सकता है। जिन बच्चों के पास पहले खेल संसाधनों तक पहुंच नहीं थी, वे अब प्रशिक्षित कोचों की निगरानी में अभ्यास कर रहे हैं। शिविर में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे चलकर स्पोर्ट्स अकादमी में प्रवेश देकर विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे प्रतिभाशाली बच्चों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिल सकेगा।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे शिविर बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। बीजापुर का यह आयोजन भी बच्चों को न सिर्फ खेल सिखा रहा है, बल्कि उन्हें अनुशासित जीवन और बड़े सपने देखने की प्रेरणा भी दे रहा है। स्थानीय प्रशासन की यह पहल आने वाले समय में जिले को नई खेल प्रतिभाएं देने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में भी अहम भूमिका निभा सकती है।
यह भी पढ़ें: अमित शाह का सबसे बड़ा ऐलान! ‘पूरा बस्तर नक्सलमुक्त’, अब शुरू होगी विकास की नई लड़ाई
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।