
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की प्राथमिक योजनाओं में शामिल जल संरक्षण और संवर्धन कार्यों को बिलासपुर जिले में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। “मोर गांव, मोर तरिया” अभियान के जरिए गांवों में जल सुरक्षा मजबूत करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास को भी नई दिशा दी जा रही है। राज्य सरकार इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़कर व्यापक जनआंदोलन का रूप देने की कोशिश कर रही है, ताकि आने वाले समय में जल संकट की समस्या को स्थायी रूप से कम किया जा सके।
अभियान के तहत जनपद पंचायत मस्तूरी की ग्राम पंचायत बोहारडीह में नए तालाब निर्माण का काम तेजी से जारी है। प्रशासन ने मानसून से पहले निर्माण कार्य पूरा करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है। अधिकारियों का लक्ष्य है कि बारिश शुरू होने से पहले सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे कर लिए जाएं, ताकि आगामी वर्षाकाल में अधिक से अधिक वर्षा जल का संचयन किया जा सके।
जल संकट के स्थायी समाधान के लिए जिले में बड़े स्तर पर जल संरचनाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रशासन ने बिलासपुर जिले में 38 नए तालाब निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। इन सभी स्वीकृत तालाबों का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि बारिश के पानी को रोकने और संरक्षित करने की मजबूत व्यवस्था तैयार हो सके। इन तालाबों के निर्माण से भू-जल स्तर में सुधार होगा, किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, पशुओं के लिए निस्तारी की सुविधा बढ़ेगी और गर्मियों के दौरान होने वाले जल संकट से राहत मिलेगी।
'मोर गांव, मोर तरिया' अभियान ग्रामीणों के लिए दोहरा लाभ लेकर आया है। एक ओर गांवों में स्थायी जल स्रोत तैयार हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। तालाब निर्माण कार्यों में बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रमिकों को काम दिया गया है। इससे लोगों को अपने गांव में ही रोजगार उपलब्ध हो रहा है और पलायन की समस्या को रोकने में मदद मिल रही है। इससे ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है।
प्रशासनिक अधिकारी लगातार निर्माण स्थलों का निरीक्षण और मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे हों, ताकि मानसून के दौरान जल संचयन का अधिकतम लाभ मिल सके।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।