CG Excise Update: शराब तस्करी रोकने सीमाओं पर अभियान, लक्ष्य से पीछे जिलों पर सरकार सख्त

Published : May 27, 2026, 06:38 PM IST
chhattisgarh excise minister review meeting

सार

Chhattisgarh News: क्या अब अवैध शराब कारोबारियों पर होगा बड़ा एक्शन? क्या शराब दुकानों में ओवररेटिंग रुकेगी? क्या मिलावट करने वालों पर होगी तुरंत कार्रवाई? आबकारी मंत्री ने राजस्व लक्ष्य और शराब बिक्री व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वाणिज्यिक कर (आबकारी) मंत्री लखन लाल देवांगन ने नवा रायपुर स्थित जीएसटी भवन में आबकारी आयुक्त कार्यालय पहुंचकर विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में आगामी महीनों के लिए जिलेवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए तय किए गए राजस्व लक्ष्य को हासिल करने हेतु मजबूत रणनीति बनाने, दुकानवार समीक्षा करने और विभागीय अनुशासन के साथ कार्य करने पर जोर दिया। बैठक में वाणिज्यिक कर आबकारी विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा, विशेष सचिव आबकारी देवेन्द्र भारद्वाज सहित विभागीय अधिकारी और विभिन्न जिलों से आए मैदानी अधिकारी मौजूद रहे।

अवैध शराब और तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती जांच चौकियों पर विशेष अभियान

बैठक के दौरान आबकारी मंत्री ने राज्य की अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों को अन्य राज्यों से आने वाली अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जांच चौकियों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

मंत्री ने जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध शराब परिवहन और बिक्री में शामिल कोचियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि आबकारी उपनिरीक्षक और मैदानी अमला अवैध शराब कारोबारियों के साथ किसी प्रकार का समझौता न करें।

शराब दुकानों में स्टॉक, रेट और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश

आबकारी मंत्री ने विभाग में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शराब दुकानों में उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहे। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि शराब निर्धारित कीमत से अधिक दर पर न बेची जाए। दुकानों में नियम और अनुशासन का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।

मंत्री ने कहा कि दुकानों में उपलब्ध शराब को नियमानुसार रैक में प्रदर्शित किया जाए और उसके साथ निर्धारित मूल्य भी स्पष्ट रूप से लिखा जाए, ताकि उपभोक्ताओं को पारदर्शिता और सुविधा मिल सके।

राजस्व लक्ष्य से पीछे जिलों को दुकानवार समीक्षा के निर्देश

बैठक में जिलावार राजस्व लक्ष्य की समीक्षा भी की गई। जिन जिलों ने अपने लक्ष्य हासिल कर लिए हैं, उन्हें लगातार बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, लक्ष्य से पीछे चल रहे जिलों को दुकानवार समीक्षा कर कारणों का विश्लेषण करने और कमी दूर करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

मंत्री ने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि शराब में किसी प्रकार की मिलावट नहीं होनी चाहिए। इसके लिए समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण करने और गड़बड़ी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।

अनियमितता मिलने पर कर्मचारियों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जहां भी अनियमितता या नियमों का उल्लंघन मिले, वहां दोषी कर्मचारियों को तुरंत कार्यमुक्त कर ब्लैकलिस्ट किया जाए। इसके अलावा शराब दुकानों में पेटीएम और अन्य कैशलेस भुगतान व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए अलग काउंटर बनाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं को डिजिटल भुगतान में सुविधा मिल सके।

बार, क्लब और ढाबों की होगी आकस्मिक जांच

आबकारी सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में संचालित बार, क्लब, होटल और ढाबों की आकस्मिक जांच की जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के बाद संचालन करने वाले या अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन, तस्करी और बिक्री पर सख्त नियंत्रण रखने के लिए जरूरत पड़ने पर पुलिस विभाग का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए।

PREV

छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

CG Land Redevelopment: सरकारी खाली जमीनों से कमाएगी सरकार, PPP मॉडल से बदलेगी शहरों की तस्वीर
Chhattisgarh News: किसानों के लिए बड़ा फैसला, माइक्रो ATM से इथेनॉल प्लांट तक, सरकार ने बनाई बड़ी रणनीति