
कभी गांवों तक सीमित रहने वाला हुनर अब देश की राजधानी में अपनी चमक बिखेर रहा है। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाएं अपने हाथों से तैयार कोसा साड़ियों, पारंपरिक कपड़ों और बेल मेटल की कलाकृतियों के जरिए नई पहचान बना रही हैं। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF 2026) में छत्तीसगढ़ की पांच 'लखपति दीदियां' अपनी उद्यमिता का प्रदर्शन कर रही हैं। खास बात यह है कि इन महिलाओं के बनाए उत्पाद अब 'छत्तीसकला' ब्रांड के जरिए बड़े बाजार तक पहुंच रहे हैं।
14 से 27 नवंबर तक चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का हॉल नंबर 4 ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा का केंद्र बना हुआ है। यहां राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' के अंतर्गत स्थापित 'लखपति दीदी' स्टॉल पर पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Delhi Pollution: दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता सुधरी, ग्रैप का तीसरा चरण हटाया गया
इस मेले में जांजगीर-चांपा, कोरबा, बस्तर, धमतरी और रायगढ़ जिले के स्व-सहायता समूहों से जुड़ी पांच महिलाएं भाग ले रही हैं। इनके स्टॉल पर कोसा साड़ियां, आकर्षक जैकेट, कॉटन ड्रेस मटेरियल, बेल मेटल शिल्पकृतियां और स्थानीय मसाले उपलब्ध हैं। हर उत्पाद में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई देती है।
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' के तहत विकसित 'छत्तीसकला' ब्रांड ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने का प्रयास है। व्यापार मेले में देश-विदेश के खरीदारों और उद्यमियों से संपर्क स्थापित करने का अवसर मिल रहा है। इससे भविष्य में नए ऑर्डर और कारोबारी साझेदारी की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
बिहान मिशन के जरिए ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर कौशल विकास, उत्पादन और विपणन के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लखपति दीदी पहल का उद्देश्य महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख रुपये या उससे अधिक करने के लिए स्थायी आजीविका के अवसर विकसित करना है।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है। छत्तीसगढ़ की महिलाओं की भागीदारी इस सोच का उदाहरण पेश कर रही है। वे एक ओर पारंपरिक कला को संरक्षित कर रही हैं, तो दूसरी ओर उसे रोजगार और कारोबार का माध्यम बना रही हैं। छत्तीसगढ़ की इन पांच महिलाओं की दिल्ली तक पहुंच यह दिखाती है कि सही मंच और बाजार मिलने पर ग्रामीण हुनर भी बड़े व्यावसायिक अवसर पैदा कर सकता है।
यह भी पढ़ें: QUAD: मोदी ने जमीन पर देखा तिरंगा, फिर किया वो काम कि गर्व से चौड़ा हो जाएगा 140 करोड़ भारतीयों का सीना
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।