
रायपुर। भारत सरकार द्वारा स्थापित सहकारिता मंत्रालय के सफल पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित 'सहकारी सप्ताह' का भव्य समापन जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, रायपुर परिसर में किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के सहकारिता एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की शुरुआत बैंक के संस्थापक पंडित वामन बलीराम लाखे के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर बैंक परिसर में 'छत्तीसगढ़ महतारी' की प्रतिमा का भी विधिवत अनावरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के संबोधन का यूट्यूब के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। उन्होंने अपने भाषण में सहकारिता क्षेत्र में हुए बड़े बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देशभर में 50 हजार पैक्स (PACS) को ई-पैक्स में बदला जा रहा है। इसके अलावा त्रिभुवन सहकारिता विश्वविद्यालय की स्थापना, दुनिया की सबसे बड़ी अन्न भंडारण श्रृंखला, सहकारी समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से जोड़ना और भारत टैक्सी सेवा जैसी महत्वपूर्ण पहलें सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा दे रही हैं।
बैंक की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) श्रीमती अपेक्षा व्यास ने प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि 31 मार्च 2026 तक बैंक ने 216 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक सकल लाभ अर्जित किया है। उन्होंने बैंक की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार की 'सहकार से समृद्धि' योजना के अंतर्गत लगातार नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहकारिता एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने सभी प्रतिभागियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पैक्स, डेयरी और मत्स्य पालन सहित लगभग 1300 नई सहकारी समितियों का गठन किया जा चुका है।
उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और जैविक तथा प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उनका कहना था कि किसानों को अब "क्वांटिटी नहीं, क्वॉलिटी खेती" पर ध्यान देना चाहिए, जिससे उत्पादन के साथ आय और गुणवत्ता दोनों में सुधार हो सके।
सहकार भारती के प्रदेश महामंत्री श्री कनीराम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2021 में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना हुई, जिसने पूरे देश में सहकारिता आंदोलन को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करना चाहिए जिससे किसानों को भविष्य में कर्ज लेने की आवश्यकता ही न पड़े। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री केदार नाथ गुप्ता ने भी सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता, तकनीकी सुधार और कृषि नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष श्री निरंजन सिन्हा ने की। उपाध्यक्ष श्री अभिनेष कश्यप ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह में जिला सहकारी बैंक दुर्ग के अध्यक्ष श्री प्रीतपाल बेलचंदन, राजनांदगांव के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रवीण दुबे, जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री संदीप यदु, सहकारिता विभाग की संयुक्त आयुक्त श्रीमती किरण गुप्ता, अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक श्री के.एन. कांडे सहित बड़ी संख्या में सहकारी संस्थाओं के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अनुराधा शुक्ला ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन बैंक के वरिष्ठ अधिकारी श्री एस.पी. चंद्राकर ने किया।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।