
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप प्रदेश में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन को आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान का मजबूत माध्यम बनाया जा रहा है। जिले में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गंभीरता से निराकरण किया जा रहा है, जिससे लोगों को तत्काल राहत मिल रही है।
इसी क्रम में विकासखंड डभरा के ग्राम खोंधर की रहने वाली श्रीमती संजुक्ता पटेल को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से बड़ी राहत मिली। उनका आधार कार्ड तकनीकी कारणों से निष्क्रिय हो गया था, जिससे उन्हें कई सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही थी।
आधार कार्ड निष्क्रिय होने के कारण श्रीमती संजुक्ता पटेल को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, जिससे उनका परिवार परेशान था। स्थिति को देखते हुए उनके पति श्री नरेंद्र पटेल ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई और समस्या के समाधान की मांग की।
शिकायत मिलते ही ई-जिला प्रबंधक श्री दुष्यंत सोनी और आधार टीम ने तुरंत मामले की जांच शुरू की। आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी करते हुए मात्र दो घंटे के भीतर श्रीमती संजुक्ता पटेल का निष्क्रिय आधार कार्ड दोबारा सक्रिय कर दिया गया। आधार कार्ड सक्रिय होने के बाद उन्हें सरकारी योजनाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने का रास्ता फिर से आसान हो गया।
समस्या के समाधान के बाद श्रीमती संजुक्ता पटेल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि शिकायत का समाधान होगा, लेकिन इतनी कम समय में कार्रवाई होने की उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की प्रभावी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि अब आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो रहा है, जिससे लोगों का भरोसा शासन पर लगातार मजबूत हो रहा है।
श्रीमती संजुक्ता पटेल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की संवेदनशील और जनहितैषी कार्यप्रणाली के कारण जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था से आम लोगों का शासन और प्रशासन के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।