Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ सरकार ने Google for Education के साथ MoU किया है। रायपुर के 22 कॉलेजों के 500 से अधिक शिक्षकों को AI प्रशिक्षण मिलेगा। जानें पढ़ाई, रिसर्च और प्रशासन में क्या बदलाव होंगे।
क्या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आने वाले दिनों में कॉलेजों में पढ़ाई का तरीका बदल देगा? क्या शिक्षक अब मिनटों में लेक्चर प्लान तैयार कर सकेंगे और छात्रों को कठिन विषय आसानी से समझा पाएंगे? छत्तीसगढ़ सरकार ने इसी दिशा में बड़ी पहल की है। उच्च शिक्षा विभाग और Google for Education के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत रायपुर के 22 कॉलेजों के 500 से अधिक शिक्षकों समेत विभागीय अधिकारियों को AI का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
Google के साथ समझौता, कॉलेजों में आएगी नई तकनीक
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार उच्च शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। 23 नवंबर को रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि AI शिक्षा, अनुसंधान और प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
'AI शिक्षकों की जगह नहीं ले सकता'
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि AI शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता और रचनात्मकता बढ़ाने वाला माध्यम है। उन्होंने बताया कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल जानकारी नहीं देते, बल्कि उनमें सोचने, समझने और सवाल पूछने की क्षमता भी विकसित करते हैं। AI के इस्तेमाल से शिक्षक अपनी इस भूमिका को और प्रभावी बना सकते हैं।
500 से ज्यादा शिक्षकों को मिलेगी AI की ट्रेनिंग
प्रारंभिक कार्यशाला में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों और अन्य प्रतिभागियों को AI तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। अगले चरण में विभागीय कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। जरूरत के मुताबिक ऑनलाइन प्रशिक्षण की व्यवस्था भी होगी।
नोट्स बनाने से रिसर्च तक, क्या होगा फायदा?
AI तकनीक की मदद से शिक्षक अलग-अलग भाषाओं में अध्ययन सामग्री तैयार कर सकेंगे। जटिल विषयों को सरल तरीके से समझाने, पाठ योजनाएं बनाने और विद्यार्थियों के मूल्यांकन में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके अलावा कॉलेजों और विभागीय कार्यालयों में पत्राचार, दस्तावेज तैयार करने तथा सूचनाओं के विश्लेषण जैसे कार्यों में AI उपयोगी साबित हो सकता है। सरकार का मानना है कि इससे समय की बचत और कार्यक्षमता में सुधार होगा।
AI की हर जानकारी पर भरोसा न करें, मंत्री ने दी चेतावनी
टंक राम वर्मा ने AI के सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि AI से प्राप्त हर जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए शैक्षणिक या प्रशासनिक कार्यों में किसी भी जानकारी का इस्तेमाल करने से पहले उसका सत्यापन आवश्यक है। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा सचिव अविनाश चंपावत, आयुक्त रीता यादव और Google for Education की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीड ईशा पोरवाल जैन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
















