
रायपुर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम नवागांव की रहने वाली रेणुका गोस्वामी को इस वर्ष 15 अगस्त पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ रेणुका गोस्वामी की मेहनत और लगन का परिणाम नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की बेटियों, ग्रामीण युवाओं और कौशल विकास कार्यक्रमों की सफलता का भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि रेणुका गोस्वामी ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण ने उनके जीवन को नई दिशा दी और आज वे अपनी मेहनत, कौशल और प्रतिभा के दम पर सफलता की नई मिसाल बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन तक उनका पहुंचना प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा देने वाला क्षण है। यह दिखाता है कि सही अवसर और प्रशिक्षण मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी देशभर में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
रेणुका गोस्वामी धमतरी जिले के ग्राम नवागांव की निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण लिया था। इसके बाद उन्होंने कॉर्पोरेट क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की और लगातार मेहनत व बेहतर प्रदर्शन के दम पर कई प्रतिष्ठित संस्थानों में काम किया।
वर्तमान में रेणुका रायपुर की एक निजी कंपनी में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें लगभग 40 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता है। उनकी इस सफलता से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी उल्लेखनीय सुधार आया है।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि रेणुका गोस्वामी जैसी सफल युवतियां इस बात का जीवंत उदाहरण हैं कि उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण और मजबूत संकल्प के बल पर ग्रामीण अंचल के युवा भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
उप मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राष्ट्रपति भवन में रेणुका गोस्वामी की उपस्थिति छत्तीसगढ़ की बेटियों और युवाओं का मनोबल बढ़ाएगी। साथ ही यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी अपने सपनों को पूरा करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।