
रायपुर। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे विद्यार्थियों के लिए सोमवार का दिन उस समय खास हो गया, जब छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव अचानक उनके बीच पहुंच गए। मंत्री को अपने सामने देखकर बच्चों में उत्साह साफ नजर आया। उन्होंने भी बच्चों से औपचारिकता के बजाय बेहद सहज अंदाज में बातचीत की और उनकी पढ़ाई, स्कूल की गतिविधियों और जरूरतों के बारे में जानकारी ली।
दुर्ग जिले में सेवा सेतु शिविर में शामिल होने ग्राम फेकारी पहुंचे मंत्री गजेन्द्र यादव कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सेलूद चौक स्थित हाईस्कूल के विद्यार्थियों से मुलाकात की। बच्चों ने खुलकर अपनी पढ़ाई और स्कूल से जुड़ी समस्याओं के बारे में मंत्री से बात की।
विद्यार्थियों और स्कूल की जरूरतों को देखते हुए शिक्षा मंत्री ने स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, सेलूद के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मंत्री गजेन्द्र यादव ने स्कूल परिसर में साइकिल स्टैंड, बाउंड्रीवाल और वॉलीबॉल ग्राउंड के निर्माण की घोषणा की। इन सुविधाओं के बनने से विद्यार्थियों को स्कूल परिसर में बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकेंगी। मंत्री ने बच्चों से बातचीत के दौरान उनकी पढ़ाई के साथ-साथ स्कूल में होने वाली अन्य गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली।
आत्मीय बातचीत के दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर में प्रार्थना शेड और मंच की आवश्यकता भी बताई। बच्चों की मांग को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार जरूरी सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए समय पर कार्रवाई की जाए।
गजेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और तिमाही परीक्षा की तैयारी को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने स्कूल की गतिविधियों और खेल-कूद में विद्यार्थियों की भागीदारी के बारे में जानकारी ली। मंत्री ने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्कूल सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम भी है।
विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीक के बढ़ते महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आने वाला समय एआई और आधुनिक तकनीकों का है। ऐसे में विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ तकनीकी ज्ञान में भी दक्ष होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में Google, Excel सहित विभिन्न संस्थाओं और कंपनियों के सहयोग से बच्चों को AI जैसी आधुनिक तकनीकों के लिए तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। मंत्री ने यह भी बताया कि विद्यार्थियों के लिए English Learning Course शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि बच्चों को आगे की पढ़ाई और रोजगार के बदलते अवसरों के लिए बेहतर तरीके से तैयार किया जा सके।
विद्यार्थियों से मुलाकात के बाद शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय, सेलूद पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्राचार्य व शिक्षकों से बातचीत की। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। प्राचार्य ने मंत्री को बताया कि स्कूल में शौचालय निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है।
मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बेहतर शैक्षणिक माहौल, खेल सुविधाएं और जरूरी आधारभूत संसाधन देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विद्यार्थियों और शिक्षकों की जरूरतों को भी ध्यान में रखा जा रहा है।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।