
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग के सचिव Mukesh Kumar Bansal ने आज वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में आयोजित इस बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों में जनहित, गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में चल रहे सभी निर्माण कार्य समयसीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। इसके लिए आधुनिक तकनीक, डिजिटलीकरण और नए सॉफ्टवेयर आधारित व्यवस्थाओं का अधिक उपयोग किया जाए ताकि काम की गति और दक्षता दोनों बढ़ाई जा सके।
बैठक के दौरान विभागीय सचिव ने सभी टेंडर प्रक्रियाओं को पूरी पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी दोनों सुनिश्चित करना विभाग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और हर परियोजना में तकनीकी मानकों तथा जनहित का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि विभाग द्वारा आधुनिक जियो-इन्फॉर्मेटिक्स तकनीक का उपयोग कर निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग, मैपिंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट को अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। अधिकारियों ने सचिव को टेंडर प्रक्रिया के तहत कार्य आवंटन, निर्माण कार्यों की बिलिंग प्रक्रिया और भुगतान प्रणाली की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि तकनीक के माध्यम से कार्यों की निगरानी और पारदर्शिता को और मजबूत किया जा रहा है।
बैठक में प्रदेशभर में चल रहे निर्माण कार्यों, टेंडर प्रक्रिया की स्थिति और आगामी परियोजनाओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। लोक निर्माण विभाग के सचिव ने अधिकारियों और ठेकेदारों के कार्य निष्पादन की समीक्षा करते हुए विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं और भुगतान की समयबद्ध व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता नियंत्रण और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल पूछे। इसके साथ ही श्री बंसल ने रायपुर में बन रहे कचना रेलवे ओवरब्रिज परियोजना की प्रगति की जानकारी भी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।