
रायपुर। विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित कार्यालय में लक्ष्मी वर्मा के नेतृत्व में महिला प्रतिनिधियों के एक दल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की।
महिला प्रतिनिधियों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में विधानसभा में आयोजित विशेष सत्र और उससे जुड़े शासकीय संकल्प के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और अधिकारों की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उनका कहना था कि इस पहल से समाज में सकारात्मक बदलाव आएंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में महिलाओं के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में महिला सशक्तिकरण को और गति मिलेगी और हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन जैसी पहल समाज में समानता और न्याय को मजबूत करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके सशक्तिकरण के बिना समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।