Chhattisgarh Tiranga Yatra: सारंगढ़ में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, गूंजे भारत माता के जयकारे

Published : Aug 11, 2026, 07:55 PM IST
Chhattisgarh Sarangarh Tiranga Yatra

सार

सारंगढ़ में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकली। हजारों बच्चों और नागरिकों ने भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

​रायपुर। देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने संभाली तिरंगा यात्रा की कमान

उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस तिरंगा यात्रा की शुरुआत भारत माता की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद यात्रा भारत माता चौक से रवाना होकर नंदा चौक, अटल परिसर सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई रानी लक्ष्मी बाई कॉम्प्लेक्स पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।

'भारत माता की जय' के नारों से गूंजा सारंगढ़

यात्रा के दौरान हजारों स्कूली बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। 'भारत माता की जय' और 'जय जवान, जय किसान' जैसे देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों ने पूरे शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से भर दिया। तिरंगा हाथों में लिए बच्चे और नागरिक यात्रा के आकर्षण का केंद्र बने रहे।

हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील

तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने नागरिकों से अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत किया जा रहा है।

तिरंगा राष्ट्रीय स्वाभिमान और एकता का प्रतीक: टंक राम वर्मा

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के सम्मान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। इसकी रक्षा के लिए लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और देशभक्तों ने अपना सर्वस्व समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि तिरंगे में बना अशोक चक्र देश और प्रदेश की निरंतर प्रगति तथा विकास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब बात राष्ट्रध्वज की आती है तो सभी नागरिक जाति, धर्म और पंथ से ऊपर उठकर एक सूत्र में बंध जाते हैं। यही भारत की सबसे बड़ी ताकत है।

अमर शहीदों को किया नमन

अपने संबोधन में मंत्री श्री वर्मा ने झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, मंगल पांडे और शहीद भगत सिंह सहित देश के सभी अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से इन महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों की रही बड़ी भागीदारी

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर, पूर्व सैनिक, विभिन्न जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा में लोगों की सक्रिय भागीदारी ने इसे एक यादगार आयोजन बना दिया।

PREV

छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

National Food Security Mission: सब्जियों से मक्का तक, छत्तीसगढ़ के किसान की सफलता चौंकाएगी
Chhattisgarh News: कांकेर में 92 फीट तिरंगे के साथ निकली Tiranga Yatra, अरुण साव समेत हजारों लोग हुए शामिल