
रायपुर. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ समापन हुआ। पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में 3 से 6 अक्टूबर तक चली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग संभागों से आए स्कूली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
समापन समारोह में खिलाड़ियों ने बैंड की धुन पर मार्च पास्ट किया। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ध्वज अवरोहण कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। उन्होंने विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। वहीं, कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बलौदाबाजार में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) खोलने की घोषणा भी की।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती के लिए ही जरूरी नहीं हैं, बल्कि इससे मानसिक विकास भी होता है। अलग-अलग जिलों से आने वाले बच्चों को एक-दूसरे की संस्कृति, खान-पान और रहन-सहन को समझने का मौका भी मिलता है।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीत मिलने पर उत्साहित होने के साथ हार से भी सीखना चाहिए। हार से निराश होने के बजाय अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने की कोशिश करनी चाहिए।
मंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय खेलों में शामिल किए गए कुराश खेल का आयोजन भी इस प्रतियोगिता के तहत बलौदाबाजार में किया गया।
14 वर्ष आयु वर्ग की रग्बी प्रतियोगिता के बालक और बालिका दोनों वर्गों में रायपुर संभाग पहले स्थान पर रहा। बस्तर संभाग ने दूसरा और दुर्ग संभाग ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इसी तरह 19 वर्ष आयु वर्ग के नेटबॉल में भी बालक और बालिका दोनों वर्गों में रायपुर संभाग ने बाजी मारी। बिलासपुर दूसरे और दुर्ग संभाग तीसरे स्थान पर रहा।
कुराश प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 14 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग संभाग पहले, सरगुजा दूसरे और रायपुर तीसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में रायपुर ने पहला, बिलासपुर ने दूसरा और दुर्ग ने तीसरा स्थान हासिल किया।
17 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर पहले, सरगुजा दूसरे और दुर्ग तीसरे स्थान पर रहा। वहीं बालिका वर्ग में दुर्ग ने पहला, बिलासपुर ने दूसरा और रायपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
19 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर संभाग ने पहला स्थान हासिल किया। सरगुजा दूसरे और दुर्ग तीसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में बिलासपुर पहले, दुर्ग दूसरे और रायपुर तीसरे स्थान पर रहा।
समापन समारोह के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बलौदाबाजार में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) खोलने की घोषणा की। इस संस्थान के जरिए शिक्षा से जुड़े प्रशिक्षण और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहू, कलेक्टर, एसपी और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले बड़ी संख्या में खिलाड़ी और उनके प्रशिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। चार दिनों तक चली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का अनुभव हासिल किया।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।