
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार राज्य को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सूची में शामिल करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने उद्योग संगठन फिक्की के सहयोग से पुणे में एक भव्य पर्यटन रोड शो आयोजित किया। इस आयोजन में राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों, वन्यजीव पर्यटन, आध्यात्मिक स्थलों और एडवेंचर टूरिज्म की संभावनाओं को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया। पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि यह आयोजन राष्ट्रीय पर्यटन बाजार में छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में पर्यटन विभाग राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को देश के बड़े पर्यटन बाजारों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रहा है। इसके साथ ही पर्यटन क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना के तहत पर्यटन को आर्थिक विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और क्षेत्रीय प्रगति का मजबूत माध्यम माना जा रहा है। पुणे में आयोजित यह रोड शो उसी रणनीति का अहम हिस्सा रहा।
रोड शो में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के टूर ऑपरेटर, ट्रैवल एजेंट, होटल व्यवसायी और पर्यटन उद्योग से जुड़े कई प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित बी-टू-बी बैठकों में पर्यटन पैकेज, निवेश, मार्केटिंग और व्यावसायिक साझेदारी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इन बैठकों से दोनों राज्यों के पर्यटन उद्योग के बीच सहयोग बढ़ाने और नए अवसर विकसित करने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने कहा कि पर्यटन मंडल का उद्देश्य राज्य को भारत के सबसे आकर्षक पर्यटन गंतव्यों में शामिल करना है। उन्होंने होटल व्यवसायियों, ट्रैवल एजेंटों और टूर ऑपरेटरों से अपील की कि वे छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को देश और दुनिया तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों को राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और विशिष्ट पर्यटन अनुभवों को करीब से देखने के लिए आमंत्रित किया।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने कहा कि राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है। पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई नई और नवाचार आधारित पहलें शुरू की गई हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के ट्रैवल ट्रेड प्रतिनिधियों से छत्तीसगढ़ के विभिन्न पर्यटन सर्किटों और विशेष पर्यटन अनुभवों के प्रचार-प्रसार में सहयोग देने का आग्रह किया।
छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जसप्रीत सिंह भाटिया ने कहा कि पर्यटन मंडल के साथ मजबूत साझेदारी से राज्य की समृद्ध विरासत, वन्यजीव संपदा, जनजातीय संस्कृति और आध्यात्मिक पर्यटन को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के रोड शो न केवल नए व्यावसायिक अवसर पैदा करते हैं, बल्कि राज्यों के बीच दीर्घकालिक सहयोग को भी मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें चित्रकोट जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, सिरपुर और भोरमदेव मंदिर जैसे प्रमुख आकर्षण शामिल रहे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति और परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों को राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया। कार्यक्रम का समापन नेटवर्किंग डिनर के साथ हुआ, जहां पर्यटन क्षेत्र में भविष्य के निवेश, साझेदारी और संयुक्त विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल देश के प्रमुख शहरों में कुल आठ पर्यटन रोड शो आयोजित कर रहा है। पुणे इस श्रृंखला का तीसरा पड़ाव रहा। इससे पहले दिल्ली और भुवनेश्वर में भी सफल आयोजन किए जा चुके हैं। इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान स्थापित करना है। साथ ही राज्य को प्रकृति, संस्कृति, विरासत, आध्यात्मिक और साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना भी इसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन को आर्थिक समृद्धि, रोजगार सृजन और सांस्कृतिक पहचान का मजबूत आधार बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। वहीं पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में पर्यटन विभाग निवेश, नवाचार और प्रभावी प्रचार-प्रसार के जरिए छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है। पुणे पर्यटन रोड शो इसी सोच और रणनीति का सफल उदाहरण बनकर सामने आया है।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।