CHHATTISGARH NEWS: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सड़क और पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Published : May 08, 2026, 10:16 AM IST
deputy CM Arun Sao pwd road construction review meeting

सार

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में सड़क और पुल निर्माण कार्यों की प्रगति जांची। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा में काम पूरा करने, गुणवत्ता बनाए रखने और खराब सड़कों की तुरंत मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने आज विभागीय मुख्य अभियंताओं की बैठक लेकर सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद तकनीकी स्वीकृति और टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के सभी मुख्य अभियंता कार्यालयों को कॉर्पोरेट कार्यालयों की तरह पूरी क्षमता, दक्षता और जवाबदेही के साथ काम करना चाहिए। विभाग की कार्य संस्कृति में बदलाव लाते हुए उन्होंने फील्ड से लेकर कार्यालय स्तर तक तेजी से काम करने पर जोर दिया।

सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने परफॉर्मेंस गारंटी के तहत बनी सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी सड़कों की स्थिति खराब पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदारों से तुरंत मरम्मत कराई जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों में खराब गुणवत्ता मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने ऐसी सभी सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर

बैठक में श्री साव ने राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग के मुख्य अभियंता को भारत सरकार के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्वीकृतियों और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि लंबित परियोजनाएं जल्द पूरी हो सकें। उन्होंने कहा कि सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों में देरी से जनता को परेशानी होती है और विभाग की छवि भी प्रभावित होती है। इसलिए सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूरा करना जरूरी है।

प्राथमिकता वाले सड़क कार्यों का हर सप्ताह निरीक्षण करने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने सभी मुख्य अभियंताओं को प्राथमिकता वाले निर्माण कार्यों की स्वयं मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाकर सड़कों और पुलों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करें। उन्होंने प्राथमिकता वाली सड़कों की प्रगति का हर सप्ताह निरीक्षण करने और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

भू-अर्जन और सड़क सुरक्षा मानकों पर भी दिया जोर

श्री साव ने नई सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण कार्यों के लिए कलेक्टरों के साथ समन्वय कर भू-अर्जन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स को दूर करने और सड़क एवं पुल निर्माण के दौरान सड़क सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उनका कहना था कि सड़क सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों और उपयोग की जाने वाली सामग्रियों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक अधूरे पड़े कार्य विभाग की छवि खराब करते हैं, इसलिए सभी परियोजनाओं को समय-सीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, अपर सचिव श्री एस.एन. श्रीवास्तव, विभिन्न परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंता, सेतु संभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

PREV

छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

CG News: बस्तर की सल्फी को हेल्दी ड्रिंक बनाने में जुटे युवा नवाचारक, मिला इनोवेशन अवार्ड
CG NEWS: बस्तर में पहली बार लीची की सफल खेती, 9 साल की मेहनत से वैज्ञानिकों ने रचा इतिहास