
Mahtari Vandan 29th Kist: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना की 29वीं किश्त जारी की। इस दौरान प्रदेश की 66 लाख से अधिक पात्र माताओं और बहनों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी लाभार्थी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना अब महिलाओं के सम्मान, आर्थिक स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें हर स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 29वीं किश्त जारी होने के साथ ही योजना के तहत अब तक कुल 18,805.83 करोड़ रुपये की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जा चुकी है। इससे लाखों परिवारों को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में नारी शक्ति के सशक्तिकरण के लिए जो अभियान चलाया जा रहा है, छत्तीसगढ़ सरकार उसी संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि विभिन्न जिलों के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने उन्हें बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली मासिक सहायता ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। कई महिलाओं ने इस राशि से छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं। कुछ महिलाओं ने सिलाई-कढ़ाई और अन्य स्वरोजगार के माध्यम अपनाए हैं, जबकि अनेक परिवार इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, पोषण और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के ये अनुभव इस योजना की सफलता और समाज पर पड़ रहे इसके सकारात्मक प्रभाव का स्पष्ट प्रमाण हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार महतारी वंदन योजना के साथ-साथ 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं के माध्यम से भी महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए ताकि सभी पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ समय पर पहुंच सके। विशेष रूप से बस्तर संभाग में इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना प्रदेश में 1 मार्च 2024 से लागू है। इस योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। इस योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल मिल रहा है। साथ ही परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम तथा स्वरोजगार जैसी गतिविधियों को भी नई मजबूती मिली है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश की प्रत्येक पात्र महिला तक इस योजना का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे, ताकि महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण लगातार मजबूत होता रहे।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।