
रायपुर। बलौदाबाजार जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा और समर्पण काल के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई। इस मौके पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिलेभर में करीब 11 लाख दीपक एक साथ जलाए गए। दीपों की रोशनी के जरिए जनसेवा के प्रति आभार और सेवा भावना का संदेश दिया गया।
जिला मुख्यालय की चौपाटी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने हिस्सा लिया।
मुख्य दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम से पहले राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और अन्य जनप्रतिनिधि शहीद वीर नारायण सिंह चौक पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद चौक से चौपाटी तक रैली निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकली इस रैली में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। पूरे रास्ते में लोगों का उत्साह देखते ही बना।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य विवेकानंद सरोवर में देखने को मिला। यहां करीब सवा लाख दीये जलाए गए। इसके साथ ही पेड़ों पर की गई रंग-बिरंगी रोशनी ने पूरे परिसर का माहौल बदल दिया। सरोवर के शांत पानी में झिलमिलाते दीपों की परछाइयों ने लोगों का ध्यान खींचा। इस नजारे को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी विवेकानंद सरोवर पहुंचे। दीपों की रोशनी से सरोवर परिसर देर शाम तक जगमगाता रहा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला। आर्केस्ट्रा टीम ने देशभक्ति गीत और भजन प्रस्तुत किए। इसी दौरान राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने भी अपने अंदाज में गीत गाया। उनके गीत पर कार्यक्रम में मौजूद लोग उत्साहित नजर आए और माहौल में खास ऊर्जा दिखाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप जलाने का कार्यक्रम नहीं है। इसके पीछे सेवा भावना, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हर नागरिक को समाज और देश के लिए अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है। मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान भी किया।
बलौदाबाजार में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग हिस्सों से लोगों की भागीदारी रही। करीब 11 लाख दीपकों के सामूहिक प्रज्ज्वलन ने इसे बड़े जनभागीदारी वाले आयोजन का रूप दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, कलेक्टर, एसपी, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा और जिला पंचायत सीईओ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। नगर के लोग भी बड़ी संख्या में इस आयोजन में शामिल हुए।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।