
रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशभर में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के वर्चुअल शुभारंभ के साथ ही बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में भी इस विशेष अभियान की शुरुआत हो गई। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि नशा एक ऐसी दीमक है, जो धीरे-धीरे व्यक्ति को अंदर से खोखला कर देती है। इसका असर केवल नशा करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके परिवार, माता-पिता के सपनों और पूरे भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को समझना होगा कि नशे की लत जीवन की संभावनाओं को खत्म कर देती है। इसलिए युवाओं को इस बुराई से दूर रहकर अपने जीवन और समाज को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो लक्ष्य रखा है, उसे हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास पर नजर डालें तो हर बड़े बदलाव और जनआंदोलन के पीछे युवाओं की शक्ति रही है। ऐसे में आज की युवा पीढ़ी को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण और समाज के विकास में लगानी होगी।
इस अभियान के तहत जिले में अगले 100 सप्ताह तक लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कला आधारित आयोजन और जनजागरूकता अभियान शामिल रहेंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि वे स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं द्वारा नशामुक्ति विषय पर आधारित एक प्रभावशाली और संवेदनशील नाटिका का मंचन भी किया गया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए नशे के दुष्परिणामों का संदेश प्रभावी तरीके से पहुंचाया। नाटिका के माध्यम से यह दिखाया गया कि किस तरह नशे की लत व्यक्ति और उसके परिवार के जीवन को प्रभावित करती है।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का नुकसान करता है। इसलिए युवाओं को सही सोच, अच्छे संस्कार और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए युवाओं का व्यसनमुक्त होना बेहद जरूरी है। सभी युवाओं से इस 100 सप्ताह तक चलने वाले अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, खेल अधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।