
रायगढ़। सेवा ही संकल्प अभियान के तहत नगर निगम की ओर से शहर के सार्वजनिक और शैक्षणिक परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गर्ल्स डिग्री कॉलेज परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू और कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय सहित जनप्रतिनिधियों ने खुद श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कचरा और झाड़ियों की सफाई, परिसर हुआ व्यवस्थित
अभियान के दौरान कॉलेज के मुख्य गेट, मैदान, गर्ल्स हॉस्टल के सामने और ओल्ड हॉस्टल परिसर से खाद्य पैकेट, सिंगल यूज प्लास्टिक, दोना-पत्तल, कागज और प्लास्टिक बोतलें हटाई गईं। घास कटर मशीन से अनावश्यक घास, खरपतवार और झाड़ियों की कटाई भी की गई।
हॉस्टल के सामने कीचड़युक्त जमीन को किया समतल
गर्ल्स हॉस्टल के सामने गाजर घास और झाड़ियों के नीचे जमा कीचड़ को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इसके साथ ही असमतल भूमि को समतल कर क्षेत्र को अधिक स्वच्छ और उपयोगी बनाया गया।
जनप्रतिनिधियों ने औजार उठाकर किया श्रमदान
महापौर, सभापति, कमिश्नर समेत एमआईसी सदस्य और पार्षदों ने रांपा, तसला और झाड़ी काटने के औजार लेकर निगम के सफाई अमले के साथ श्रमदान किया। इस दौरान स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील
महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर रायगढ़ के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। वहीं सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे सामूहिक जिम्मेदारी बनाना होगा। कमिश्नर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने भी सफाई के बाद परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए कॉलेज प्रबंधन, विद्यार्थियों और नागरिकों से सहयोग की अपील की।
छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।