VB-G RAM G योजना को लेकर गांव-गांव में जागरूकता अभियान, छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई से होगी शुरुआत

Published : Jun 24, 2026, 05:30 PM IST
VBG Ramji Yojana Chhattisgarh

सार

VBG Ramji Yojana Chhattisgarh: 1 जुलाई से शुरू होने वाली वीबी जी रामजी योजना के लिए छत्तीसगढ़ में जागरूकता अभियान तेज है। गांव-गांव में कार्यक्रम चल रहे हैं।

रायपुर: छत्तीसगढ़श के ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर देने के लिए राज्य सरकार 1 जुलाई 2026 से वीबी जी रामजी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना शुरू करने जा रही है। योजना की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए पूरे राज्य में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला स्तर पर लगातार बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और ग्राम सभाएं आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों को योजना के नियम, लाभ और पात्रता की जानकारी दी जा रही है।

सांकरा और देवरी में ग्रामीणों ने बनाई मानव श्रृंखला

योजना को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अलग-अलग गांवों में आयोजित ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं और योजना के बारे में जानकारी ले रहे हैं। इसी कड़ी में बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत बेरला की ग्राम पंचायत सांकरा और देवरी में ग्रामीणों ने जागरूकता फैलाने के लिए मानव श्रृंखला बनाई। लोगों ने हाथों में जागरूकता संदेश वाली तख्तियां लेकर योजना का प्रचार किया। इन तख्तियों पर 'वीबी जी रामजी - गांव की प्रगति, हम सबकी जिम्मेदारी', 'रोजगार और आजीविका का नया संबल' और 'समृद्ध गांव, सशक्त परिवार' जैसे संदेश लिए गए थे। ग्रामीणों ने लोगों से योजना से जुड़ने और इसका लाभ लेने की अपील भी की।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की तारीफ

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बेमेतरा जिले की इस पहल की सराहना की। उन्होंने अपने X (ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह तस्वीर गांव के लोगों की जागरूकता और आत्मविश्वास को दिखाती है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट कर इस मानव श्रृंखला को योजना के प्रति जन-जागरूकता का प्रतीक बताया।

पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने का संकल्प

मानव श्रृंखला के दौरान ग्रामीणों ने यह संदेश दिया कि यह सिर्फ एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि गांवों के विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक जनभागीदारी अभियान है। इस मौके पर ग्रामीणों ने यह भी संकल्प लिया कि पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी देने में सहयोग करेंगे।

ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने दी पूरी जानकारी

ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने बताया कि वीबी जी रामजी योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना, आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देना, परिवारों की आय में वृद्धि करना और गांवों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। योजना के प्रभावी संचालन के लिए पंचायत स्तर पर तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।

अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और हितग्राहियों को मिलेगा प्रशिक्षण

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की कार्ययोजना के अनुसार 30 जून 2026 तक पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और हितग्राहियों का प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अलग-अलग चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि योजना लागू होने के बाद किसी तरह की परेशानी न आए और पात्र परिवारों को समय पर लाभ मिल सके।

1 जुलाई से लाखों ग्रामीण परिवारों को मिलने की उम्मीद लाभ

योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाओं, चौपालों, पोस्टर-बैनर, मुनादी, प्रचार रथ और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि और स्थानीय सामाजिक संगठन भी लोगों को योजना की जानकारी देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि यह योजना गांवों में रोजगार और आय के नए अवसर पैदा करेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएगी। 1 जुलाई से योजना लागू होने के बाद प्रदेश के लाखों ग्रामीण परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी दी जानकारी

उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को अपने फेसबुक अकाउंट पर लाइव आकर आगामी ग्राम सभाओं और वीबी जी रामजी योजना की जानकारी लोगों के साथ शेयर की। उन्होंने लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील की और लाइव सत्र के दौरान लोगों के सवालों के जवाब भी दिए।

 

PREV

छत्तीसगढ़ की सरकारी योजनाएं, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स, नक्सल क्षेत्र समाचार और स्थानीय विकास रिपोर्ट्स पढ़ें। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर क्षेत्र की खबरों के लिए Chhattisgarh News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — सबसे विश्वसनीय राज्य कवरेज यहीं।

Read more Articles on

Recommended Stories

Weather Update 12 August 2026: दिल्ली-NCR से महाराष्ट्र तक बारिश-आंधी, यूपी-एमपी में बिजली का अलर्ट, जानें अगले 5 दिन का हाल
Chhattisgarh Tiranga Yatra: सारंगढ़ में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, गूंजे भारत माता के जयकारे