
Crime News: दिल्ली के महरौली इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां 30 साल की फातिमा की हत्या उसके पति शबाब अली ने अपने साथियों की मदद से की और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया। पुलिस ने जांच के बाद इस हत्याकांड का खुलासा किया और आरोपी पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
फातिमा की एक सहेली ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को शक था कि महिला को बंधक बनाया गया है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और सबूतों से पता चला कि 31 जुलाई को फातिमा अपने पति शबाब अली और उसके साथियों के साथ कार में दिखाई दी थी। उस वक्त वह बेहोश हालत में थी।
पूछताछ में शबाब ने बताया कि ये हत्या उसने ही की थी। उसने बताया कि उसे शक था कि फातिमा किसी और के साथ संबंध रखती है। इसी कारण उसने उसे नशे की गोलियां दी और फतेहपुर बेरी इलाके के उस घर में रखा, 31 जुलाई तक फातिमा को उस घर में रखा और लगातार कीटनाशक पिलाया। 1 अगस्त की रात फातिमा की मौत हो गई। इसके बाद शबाब ने अपने दोस्तों शाहरुख और तनवीर की मदद से शव को कार में रखकर चंदनहोला इलाके के कब्रिस्तान में दफनाया। 15 अगस्त को एसडीएम की मौजूदगी में शव बरामद किया गया।
यह भी पढ़ें: सिंधु जल संधि को लेकर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- नेहरू ने ही पाकिस्तान…
शबाब अली 47 साल का पेंटर है और मूल रूप से अमरोहा का रहने वाला है। शाहरुख पेशे से इलेक्ट्रिशियन है और तनवीर भी पेंटर हैं। पुलिस ने शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है। अभी एक आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शबाब ने फातिमा की हत्या के बाद अमरोहा से उसके फोन से मैसेज भेजा कि वह किसी और से शादी करने जा रही है। उसके कपड़े गंगनहर के पास फेंक दिए ताकि किसी को शक न हो। शुरुआती पूछताछ में उसने हत्या को छुपाया, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने कब्रिस्तान में शव दफनाने की साजिश स्वीकार की। पुलिस ने 11 दिन बाद फातिमा का शव बरामद किया।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।