
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री राजेश कुमार पांडे ने 25 जून 2026 को मुरादाबाद मंडल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत मुरादाबाद मंडल कार्यालय स्थित मनन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक से हुई। बैठक में महाप्रबंधक ने अधिकारियों के साथ मंडल में चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं तथा हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
समीक्षा बैठक के बाद महाप्रबंधक रामपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टिकट बुकिंग कार्यालय, यात्री प्रतीक्षालय और अन्य उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया गया। उन्होंने यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद श्री पांडे बरेली रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने स्टेशन परिसर, पार्सल कार्यालय, बुकिंग कार्यालय तथा प्लेटफॉर्मों पर उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
अपने निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक ने शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन का भी दौरा किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माण गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने तथा यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने हरदोई रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यात्री सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, संरक्षा और स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के साथ-साथ पुनर्निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत श्री राजेश कुमार पांडे ने मुरादाबाद से लखनऊ तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ, सिग्नलिंग प्रणाली, ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन) व्यवस्था, समपार फाटकों की सुरक्षा तथा अन्य संरक्षा उपायों की समीक्षा की। अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के समापन पर महाप्रबंधक ने सभी स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और उच्च गुणवत्ता वाली रेल सेवाएं उपलब्ध कराना उत्तर रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और सेवा गुणवत्ता में लगातार सुधार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दिल्ली की राजनीति, मेट्रो-ट्रैफिक अपडेट्स, प्रदूषण स्तर, प्रशासनिक फैसले और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी हर ज़रूरी जानकारी पाएं। राजधानी की रियल-टाइम रिपोर्टिंग के लिए Delhi News in Hindi सेक्शन देखें — सटीक और तेज़ समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।