हरियाणा चुनाव 2024: इन 20 हॉट सीटों पर दिग्गजों की जंग, जानें किसमें कितना दम?

Published : Oct 04, 2024, 11:06 AM IST
Haryana Assembly Elections 2024

सार

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में हिसार, लाडवा, रोहतक और उचाना जैसी 20 हॉट सीटों पर दिग्गज नेताओं के बीच कांटे की टक्कर दिख रही है। सावित्री जिंदल, दुष्यंत चौटाला और विनेश फोगाट जैसे बड़े चेहरे मैदान में हैं, जिससे मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है।

सोनीपत। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 की राजनीतिक जंग में हिसार, लाडवा, रोहतक और उचाना जैसी हॉट सीटों पर बड़े चेहरे आमने-सामने हैं। इन सीटों पर दिग्गज नेताओं के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है, जिससे चुनावी मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है। हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। पिछला विधानसभा चुनाव अक्टूबर 2019 में हुआ था। इस बार हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में 20 सीटें ऐसी हैं, जो राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। इन सीटों पर हाई-प्रोफाइल उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।

सबसे चर्चित सीट हिसार पर सावित्री जिंदल हैं चर्चा में

इनमें सबसे ज्यादा चर्चित सीट हिसार विधान सभा सीट है। यहां पर निर्दलीय कैंडिडेट सावित्री जिंदल और दो बार के विधायक डॉ. कमल गुप्ता (भाजपा) एवं कांग्रेस के रामनिवास राड़ा से मुकाबला होगा। 2019 में डॉ. गुप्ता ने 15,832 मतों से जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार मैदान में सावित्री जिंदल के उतरने से मुकाबला और भी रोमांचक हो गया है। लाडवा में भाजपा के निवर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कांग्रेस के मेवा सिंह आमने-सामने होंगे। जबकि मुलाना में भाजपा की संतोष चौहान सरवन और कांग्रेस की पूजा चौधरी के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। अटेली सीट पर जेजेपी के अमरजीत ढांडा और आप के कैता दलाल के बीच सीधी लड़ाई होगी।

सोनीपत सीट पर सतपाल ब्रह्मचारी की प्रतिष्ठा है दांव पर

सोनीपत सीट पर कांग्रेस के सतपाल ब्रह्मचारी और अन्य कई मजबूत दावेदार मैदान में हैं, वहीं रोहतक में कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दीपेंद्र सिंह हुड्डा पर सबकी नजरें होंगी। इस सीट पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार पांच बार जीत दर्ज कर चुके हैं। उनके सामने भाजपा ने जिला परिषद अध्यक्ष मंजू हुड्डा को उतारा है, जिससे इस बार मुकाबला और भी दिलचस्प हो सकता है। गुड़गांव में भाजपा के राव इंद्रजीत सिंह और फ़रीदाबाद में भाजपा के कृष्ण पाल का नाम प्रमुख है।

उचाना कला से दुष्यंत चौटाला काे बीजेपी-कांग्रेस से मिल रही टक्कर

उचाना कलां सीट पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर भी मुकाबला बहुत ही दिलचस्प होने वाला है क्योंकि यहां से कांग्रेस ने पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह को टिकट दिया है। भाजपा ने देवेंद्र अत्री को उम्मीदवार बनाया है, जिससे चुनावी मैदान में जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है।

जुलाना सीट पर विनेश फोगाट पर टिकी निगाहें

जुलाना सीट पर इस बार लोगों की नजरें टिंकी हैं, क्योकि यहां से कांग्रेस कैंडिडेट पहलवान विनेश फोगाट हैं। विनेश के सामने भाजपा ने कैप्टन योगेश बैरागी को उतारा है। पेशे से पायलट रहे योगेश बैरागी भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष और भाजपा खेल प्रकोष्ठ (हरियाणा) के सह-संयोजक हैं। इनके सामने आम आदमी पार्टी ने WWE पहलवान कविता दलाल को उतारा है। कविता भारत की ओर से सबसे पहले WWE में जाने वाली महिला रेसलर थीं। लोग उन्हें ‘लेडी खली’ के नाम से भी जानते हैं।

क्या रनिया सीट पर जीत दोहरा पाएंगे रणजीत चौटाला?

सिरसा जिले की रानिया सीट पर इस बार चुनावी लड़ाई परिवार के बीच है। देवीलाल के बेटे रणजीत चौटाला भाजपा से टिकट न मिलने पर यहां से निर्दलीय लड़ रहे हैं। इनेलो ने देवीलाल के पड़पोते और पार्टी के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला के बेटे अर्जुन चौटाला को उतारा है। इस सीट पर भाजपा ने शीशपाल कंबोज, कांग्रेस ने सर्व मित्र कंबोज और आप ने हैप्पी रानियां को टिकट दिया है। 2019 में यहां से रणजीत चौटाला निर्दलीय जीत चुके हैं।

कैथल सीट पर सुरजेवाला परिवार ठोक रहा ताल

कैथल विधानसभा सीट भी इस बार हॉट सीट बनी हुई। यहां सुरजेवाला परिवार की तीसरी पीढ़ी मैदान में है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला को उतारा है। उनके मुकाबले बीजेपी ने लीलाराम गुर्जर को खड़ा किया है। आम आदमी पार्टी से सतबीर सिंह गोयत और जननायक जनता पार्टी से संदीप गढ़ी चुनावी ताल ठोक रहे हैं। इनके अलावा करनाल, ऐलनाबाद, अंबाला कैंट, तोशाम, गढ़ी सांपला किलोई , पुंडरी, इसराना, गन्नौर, नलवा और पानीपत शहर सीटों पर भी लोगों की नजरें रहेंगी।

 

 

ये भी पढ़ें...

कौन हैं अशोक तंवर? BJP की रैली से सीधे राहुल गांधी के मंच पर पहुंच बने कांग्रेसी

राहुल गांधी के काफिले में सुरक्षा चूक, मोटरसाइकिल सवार घुसा

 

PREV

हरियाणा की राजनीति, कृषि-किसान मुद्दे, खेल उपलब्धियां, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स और जिले-वार खबरें अब तुरंत पाएं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक समेत पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए Haryana News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद खबरें Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

CM Yogi Adityanath in Kaithal: CM योगी बोले- 'अफवाह फैलाने वालों को जनता ने नकारा, सनातन और देश की सुरक्षा साथ-साथ'
किराया-शॉपिंग और SIP…गुरुग्राम टेकी का SHOCKED कर देने वाला मंथली खर्चा-VIDEO VIRAL