हरियाणा के गृह मंत्री बोले पूरी प्लानिंग से की गई नूंह में हिंसा, बुलडोजर वाली दवा से करेंगे इलाज

Published : Aug 05, 2023, 09:29 AM ISTUpdated : Aug 05, 2023, 09:30 AM IST
Anil Vij

सार

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि नूंह (Nuh violence) में योजना बनाकर हिंसा की गई। 202 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उपद्रवियों का बुलडोजर वाली दवा से भी इलाज किया जाएगा।

चंडीगढ़। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा है कि नूंह (Nuh violence) में पूरी प्लानिंग के साथ हिंसा की गई। इसके पीछे बड़ा गेम प्लान है। उपद्रवियों के इलाज के लिए बुलडोजर वाली दवा का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनिल विज ने कहा कि हम बिना पूरी जांच के जल्द निष्कर्ष पर नहीं पहुंचेंगे। स्थिति में सुधार होने के बाद इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी। क्या हिंसा की पहले से प्लानिंग थी?

इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "जांच हो रही है। बिल्कुल लग रहा है। जिस ढंग की प्लानिंग की गई। जिस प्रकार से मोर्चेबंदी की गई। मंदिर के ऊपर पहाड़ है। पहाड़ पर मोर्चे बनाए गए। एंट्री प्वाइंट्स पर मोर्चे बनाए गए। ये बिना योजना के थोड़े होता है। यह अचानक थोड़े होता है। हर आदमी के हाथ में लाठी थी। लाठियां वहां फ्री बंट रहीं थी? किसी न किसी ने व्यवस्था की है लाठियों की। गोली चली है। वैसे ही लोग हथियार वहां रखे थे? कोई न कोई हथियार लेकर आया है। ये सारा प्लानिंग के साथ हुआ है। ये बहुत बड़ा गेम प्लान है। हम इसकी पूरी गहराई तक जा रहे हैं।"

पुलिस ने दर्ज किए 102 FIR, गिरफ्तार हुए 202 आरोपी

अनिल विज ने कहा, "नूंह में हमारी पुलिस पूरी तरह से काम कर रही है। अभी तक 102 FIR दर्ज किए गए हैं। 202 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 80 हिरासत में हैं। जिन्हें हमने गिरफ्तार किया था उन्हें कोर्ट में पेश किया था। एक दिन का रिमांड मिला था। पूछताछ की गई है। काफी बड़ी जानकारियां मिली हैं। गिरफ्तारियां अभी और भी होंगी। हमारी पुलिस इस सिद्धांत पर काम कर रही है कि एक भी निर्दोष को सजा न मिले और एक भी दोषी नहीं छूटे। प्री प्लान करके गोलियां चलाई गईं। पहाड़ों पर चढ़कर गोलियां मारी गईं। छतों पर पत्थर इकट्ठे किए गए। हम एक-एक की जानकारी ले रहे हैं। उन सबके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।"

बुलडोजर की दवा से करेंगे इलाज

हिंसा में रोहिंग्याओं के शामिल होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस ने रोहिंग्याओं के अवैध कब्जे हटाए और 200 से अधिक झोपड़ियों पर बुलडोजर चलाया। शनिवार को भी पुलिस द्वारा रोहिंग्याओं के अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं। बुलडोजर की कार्रवाई संबंधी सवाल के जवाब में गृह मंत्री ने कहा, "जिसके ऊपर केस बनता है उसका इलाज करेंगे। इलाज में बुलडोजर भी एक दवाई है। वो भी जहां जरूरी होगा हम चलाएंगे। गिरफ्तार किए गए लोगों से जानकारी मिल रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।"

यह भी पढ़ें- हरियाणा हिंसा: झड़प के दिन छुट्टी पर गए नूंह SP वरुण सिंगला का तबादला, रोहिंग्याओं के 200 घरों पर चला बुल्डोजर

बता दें कि नूंह में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद की धार्मिक यात्रा के दौरान उपद्रव किया गया था। इसके बाद हिंसा की आग राज्य के अन्य हिस्सों में फैली थी। गुरुग्राम में भी हिंसा हुई थी। इस हिंसा में छह लोग मारे गए थे।

यह भी पढ़ें-जानें क्यों हिंसा की आग में जला हरियाणा, किस वजह से शुरू हुआ दंगा, सरकार ने की कौन सी कार्रवाई

PREV

हरियाणा की राजनीति, कृषि-किसान मुद्दे, खेल उपलब्धियां, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स और जिले-वार खबरें अब तुरंत पाएं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक समेत पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए Haryana News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद खबरें Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Weather Update 22 July 2026: दिल्ली-NCR समेत 7 राज्यों में बारिश का बड़ा अलर्ट, IMD ने बताया कहां बरसेंगे सबसे ज्यादा बादल
Weather Update 21 July 2026: दिल्ली, यूपी, एमपी, राजस्थान समेत कई राज्यों में गरजेंगे बादल, जानिए कहां-कहां भारी बारिश की चेतावनी