वंशवाद की जंग: हरियाणा चुनाव में 10 परिवारों का लिटमस टेस्ट, किसका होगा राजतिलक?

Published : Oct 04, 2024, 03:22 PM IST
Haryana Dynasty politics

सार

हरियाणा विधानसभा चुनाव में 10 से अधिक राजनीतिक परिवारों के वंशज मैदान में हैं, जानिए कौन से दिग्गज नेता अपने उत्तराधिकारियों को आगे बढ़ा रहे हैं।

Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 5 अक्टूबर को होगी। इस चुनाव में 10 से अधिक राजनीतिक परिवारों के बेटे-बेटियां मैदान में हैं। राज्य में वंशवाद की राजनीति को प्रश्रय देने में कोई अछूता नहीं है। तीन-तीन, चार-चार पीढ़ियों से लगातार जनादेश हासिल कर रहे इन परिवारों की कहानी काफी रोचक है।

चौधरी देवीलाल का परिवार

हरियाणा के तीन मशहूर 'लालों' में पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के कुनबे के आधा दर्जन से अधिक सदस्य विधानसभा चुनाव में ताल ठोक रहे हैं। उनके बेटे पूर्व मंत्री रणजीत सिंह चौटाला से लगायत परिवार की तीसरी-चौथी पीढ़ी चुनावी मैदान में है।

  • रणजीत सिंह चौटाला: भाजपा द्वारा टिकट न दिए जाने के बाद रानिया से निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
  • अभय सिंह चौटाला: ऐलनाबाद (आईएनएलडी) से चुनाव लड़ रहे हैं।
  • दुष्यंत चौटाला: उचाना कलां (JJP) से चुनाव लड़ रहे हैं।
  • दिग्विजय चौटाला: डबवाली (JJP) से चुनाव लड़ रहे हैं।
  • अर्जुन चौटाला: रानिया (INLD) से चुनाव लड़ रहे हैं, उनके सामने उनके चाचा रणजीत सिंह चौटाला हैं।
  • सुनैना चौटाला: फतेहाबाद (INLD) से चुनाव लड़ रही हैं।
  • आदित्य चौटाला: डबवाली (INLD) से चुनाव लड़ रहे हैं।
  • कुणाल करण सिंह: टोहाना (INLD) से चुनाव लड़ रहे हैं।

पूर्व सीएम भजनलाल का कुनबा

हरियाणा के एक और लाल, भजनलाल का भी पूरा कुनबा राजनीति में है। परिवार के सदस्य कांग्रेस और बीजेपी दोनों में हैं। इस बार दो प्रमुख सदस्य चुनाव मैदान में हैं।

  • चंद्र मोहन बिश्नोई: पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के पोते चंद्रमोहन बिश्नोई पंचकूला से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
  • भव्य बिश्नोई: बीजेपी नेता कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई आदमपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी की टिकट पर चुनाव मैदान में हैं।

पूर्व सीएम बंसीलाल का परिवार भी सक्रिय

पूर्व मुख्यमंत्री बंसीलाल के परिवार के कई सदस्य इस बार चुनाव मैदान में हैं। हाल ही में बंसीलाल की पुत्रवधु और बेटी ने बीजेपी ज्वाइन किया था।

  • अनिरुद्ध चौधरी: बंसी लाल के पोते अनिरुद्ध चौधरी तोशाम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। वह उनके बेटे रणवीर सिंह महेंद्र के पुत्र हैं।
  • श्रुति चौधरी: बंसी लाल की पोती श्रुति चौधरी भी तोशाम से ही चचेरे भाई को बीजेपी की टिकट पर चुनौती दे रही हैं। श्रुति चौधरी और उनकी मां किरण चौधरी हाल ही में बीजेपी ज्वाइन की। बीजेपी ने किरण चौधरी को राज्यसभा भेजा है।
  • सोमवीर सिंह सांगवान: बंसी लाल के दामाद सोमवीर सिंह सांगवान, बधाड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं।

महाराजा राव बीरेंद्र सिंह का परिवार

महाराजा राव बीरेंद्र सिंह की तीसरी पीढ़ी भी चुनाव मैदान में है। महाराजा राव बीरेंद्र सिंह, हरियाणा के दूसरे मुख्यमंत्री रहे हैं। अहिरवाल के प्रभावशाली नेता महाराजा राव बीरेंद्र सिंह के बेटे, राव इंद्रजीत सिंह वर्तमान में मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्री हैं। इस बार उनकी बेटी आरती राव भी विधानसभा चुनाव लड़ रहीं। वह अटेली से प्रत्याशी हैं।

रणदीप सुरजेवाला परिवार

रणदीप सिंह सुरजेवाला का परिवार भी तीन पीढ़ियों से राजनीति में है। रणदीप सिंह सुरजेवाला के पिता चौधरी समशेर सिंह सुरजेवाला प्रभावशाली जाट नेता रहे हैं। वह हरियाणा सरकार में कृषि एवं सहकारिता मंत्री रह चुके हैं। रणदीप सिंह सुरजेवाला भी कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं। अब उनके बेटे आदित्य सुरजेवाला, कैथल से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव मैदान में हैं।

जय प्रकाश परिवार

हिसार से कांग्रेस सांसद व प्रभावशाली नेता जय प्रकाश के बेटे विकास सहारन भी चुनाव मैदान में हैं। वह कांग्रेस के टिकट पर कलायत से चुनाव लड़ रहे।

पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव परिवार

हरियाणा में यादवलैंड रेवाड़ी क्षेत्र के प्रभावशाली नेता पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव के बेटे चिरंजीव राव भी रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। कैप्टन अजय सिंह यादव के पिता, राव अभय सिंह यादव भी हरियाणा में विधायक रहे हैं।

सतपाल सांगवान परिवार

हरियाणा के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के बेटे सुनील सांगवान, दादरी से बीजेपी के प्रत्याशी हैं।

आनंद सिंह दांगी परिवार

पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी के बेटे बलराम दांगी भी कांग्रेस की टिकट पर महम सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

हरमोहिंदर सिंह चट्ठा परिवार

कांग्रेस के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री हरमोहिंदर सिंह चट्ठा के बेटे मनदीप चट्ठा भी पेहोवा से चुनाव मैदान मैदान में हैं।

यह भी पढ़ें:

युवा शक्ति का दंगल: हरियाणा चुनाव में उतरे 10 प्रमुख युवा चेहरे

PREV

हरियाणा की राजनीति, कृषि-किसान मुद्दे, खेल उपलब्धियां, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स और जिले-वार खबरें अब तुरंत पाएं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक समेत पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए Haryana News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद खबरें Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Weather Update 13 August 2026: दिल्ली-NCR से यूपी-एमपी तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र में भारी बारिश
Weather Update 12 August 2026: दिल्ली-NCR से महाराष्ट्र तक बारिश-आंधी, यूपी-एमपी में बिजली का अलर्ट, जानें अगले 5 दिन का हाल