
Vaishno Devi Yatra Suspended: भक्ति और आस्था की राह पर संकट का साया अब भी छाया हुआ है। मां वैष्णो देवी के दर्शन की आस लिए हजारों श्रद्धालु कटरा में इंतजार कर रहे हैं, लेकिन त्रिकुटा पहाड़ियों में लगातार बारिश, भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने के कारण यात्रा 13वें दिन भी स्थगित रही। प्रशासन ने साफ किया है कि तीर्थयात्रा तभी बहाल होगी जब मौसम अनुकूल हो और रास्ता पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया जाए।
केरल से आए एक श्रद्धालु ने कहा, “मैं दो दिन से यहां इंतजार कर रहा हूं। लोग कह रहे हैं कि शायद 15 दिन बाद रास्ता खुले। मन उदास है, लेकिन मैं बिना मां के दर्शन किए घर नहीं लौटूंगा।” वहीं, एक अन्य श्रद्धालु अरुण ने कहा, “यात्रा रुकी है क्योंकि हादसे में कई लोगों की जान चली गई। मैं प्रार्थना कर रहा हूं कि मौसम सुधरे और बारिश थमे ताकि दर्शन का सौभाग्य मिल सके।”
यह भी पढ़ें: इकाना स्टेडियम में गूंजे “योगी-योगी” के नारे, काशी रुद्रास बनी UP T20 की नई चैंपियन
गौरतलब है कि 26 अगस्त को अधकुवरी के पास भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ था। दोपहर करीब 3 बजे आए इस हादसे में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि कई घायल हुए थे। इसी के बाद यात्रा स्थगित कर दी गई। हादसा इंदरप्रस्थ भोजालय के पास हुआ, जो कटरा से माता के भवन तक की 12 किलोमीटर लंबी चढ़ाई का लगभग मध्य बिंदु है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस त्रासदी की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। जल शक्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शलीन काबरा की अध्यक्षता वाली इस समिति में जम्मू संभागीय आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक को भी शामिल किया गया है। आदेश के अनुसार, समिति को दो सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। इसमें हादसे के कारणों, बचाव और राहत कार्यों की समीक्षा के साथ भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के उपाय सुझाने होंगे।
इस बीच, डोडा जिले के भद्रवाह क्षेत्र में बादल फटने और बाढ़ से गांवों का संपर्क कट गया। स्थिति को देखते हुए सेना की 4 राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट ने 18 घंटे के भीतर लकड़ी का अस्थायी पुल बनाकर लोगों की आवाजाही बहाल कर दी।
यह भी पढ़ें: CM Grid Yojana: 15 महीने बाद मेरठ की सड़कों पर मिलेगा बेंगलुरु जैसा अनुभव
Other Indian State News (अन्य राज्य समाचार) - Read Latest State Hindi News (अन्य राज्य की खबरें), Regional News, Local News headlines in Hindi from all over the India.