
रांची न्यूज: झारखंड राज्य आवास बोर्ड क्रिकेट स्टार एमएस धोनी को नोटिस भेजने की तैयारी में है। हाउसिंग बोर्ड के इस कदम से धोनी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हाउसिंग बोर्ड का यह नोटिस राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित उनके घर को लेकर है। यह प्लॉट महेंद्र सिंह धोनी को राज्य सरकार ने दिया था, जहां उन्होंने आलीशान घर बनवाया था। अब धोनी रांची के सिमलिया स्थित अपने निजी फार्म हाउस में रहते हैं, जबकि हरमू के प्लॉट पर लैब खुल रही है।
आवास बोर्ड के अध्यक्ष संजय पासवान ने कहा कि धोनी को खेल के क्षेत्र में उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राज्य सरकार ने आवासीय प्लॉट दिया था, लेकिन अब इस आवासीय प्लॉट का व्यावसायिक उपयोग नियमों के खिलाफ होगा, इसलिए उन्होंने बोर्ड के अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने का आदेश दिया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संजय पासवान ने बताया कि बोर्ड ऐसे मामलों में पहले भी कार्रवाई कर चुका है। कई लोगों को नोटिस भेजा गया है। कुछ के प्लॉट भी कैंसिल किए गए हैं। उन्होंने बताया कि हरमू रोड में जिस प्लॉट पर भाजपा का प्रदेश कार्यालय है, उसका भी दुरुपयोग हो रहा है। इस मामले में भी बोर्ड की ओर से पहले ही नोटिस दिया जा चुका है।
एमएस धोनी ने रांची को क्रिकेट की दुनिया में मशहूर किया, जिसके बाद साल 2009 में एमएस धोनी को झारखंड सरकार की ओर से पांच कट्ठा का आवासीय प्लॉट तोहफे में दिया गया था। यहां एमएस धोनी ने शानदार घर बनवाया और कई सालों तक वे यहां रहे। लेकिन बाद में वे सिमलिया स्थित अपने निजी आवास में शिफ्ट हो गए।
धोनी का हरमू रोड स्थित घर कई सालों तक सुरक्षा गार्ड के सहारे खाली रहा। अब उनके पुराने घर को क्लीनिक लैब में बदला जा रहा है। इसकी जानकारी जब हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन को हुई तो उन्होंने जांच के आदेश दिए। जांच में यह देखा जाएगा कि धोनी को रिहायशी प्लॉट मिला या कमर्शियल। अगर रिहायशी प्लॉट पर कमर्शियल काम हो रहा है तो यह गलत है।
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।