
रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Elections) हो रहे हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो राज्य में UCC (Uniform Civil Code) लागू करेगी। UCC से आदिवासियों को अलग रखा जाएगा।
अमित शाह ने रविवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र 'संकल्प पत्र' जारी किया। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों और खदानों से विस्थापित लोगों के पुनर्वास के लिए विस्थापन आयोग का गठन होगा।
अमित शाह ने कहा, "हमारी सरकार झारखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करेगी। आदिवासियों को इसके दायरे से बाहर रखा जाएगा। हेमंत सोरेन और झामुमो सरकार गलत प्रचार कर रही है कि UCC से आदिवासियों के अधिकार, संस्कृति और संबंधित कानून प्रभावित होंगे। यह पूरी तरह निराधार है। आदिवासियों को इसके दायरे से बाहर रखा जाएगा।"
अमित शाह ने सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले झामुमो गठबंधन पर "नक्सलवाद को बढ़ावा देने" का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार मार्च 2026 तक देश से इस खतरे को खत्म कर देगी।
चतरा जिले के सिमरिया में एक रैली में गृह मंत्री ने कहा, "यह झारखंड से दलित विरोधी, आदिवासी विरोधी, गरीब विरोधी और युवा विरोधी हेमंत सरकार को हटाने का समय है। यह सरकार राजनीतिक लाभ के लिए नक्सलवाद को बढ़ावा दे रही है।"
उन्होंने कहा, "हमने पिछले 5 वर्षों में झारखंड से इस समस्या को जड़ से उखाड़ फेंका है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार मार्च 2026 तक भारत से नक्सलवाद का सफाया कर देगी।"
सोरेन सरकार पर गरीबों और आदिवासियों के लिए दिए गए पैसे हड़पने का आरोप लगाते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो झारखंड के सभी भ्रष्ट नेताओं को जेल में डाल देगी। उन्होंने कहा, “हाल के लोकसभा चुनावों में झारखंड की जनता ने एनडीए गठबंधन को 47 प्रतिशत वोट दिए थे। 14 संसदीय सीटों में से नौ सीटें एनडीए को मिलीं। विधानसभा चुनाव में NDA झारखंड में 81 में से 52 सीटें जीतेगी।”
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।