
पलामू। विवाहित लड़की घर से गायब हुई तो पिता ने दामाद पर अपहरण के आरोप में केस दर्ज कराया। पुलिस पर बेटी को खोजने के लिए दबाव बनाया। पर पिता को यह नहीं पता था कि जिस बेटी की लापता होने की वजह से परेशान है। वह अपने प्रेमी के साथ उसके घर पर रह रही थी। पुलिस ने युवती को उसके प्रेमी के घर से बरामद किया तो पिता के पैरों तले जमीन खिसक गयी। अब पुलिस पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।
साल भर पहले हुई थी शादी
पलामू जिले के मेदिनीनगर इलाके में एक युवती की साल भर पहले शादी हुई थी। शादी के तीन महीने बाद ही लड़की अपने पिता के घर आ गयी। दोनों पक्षों ने बातचीत के बाद आपस में समझौत किया। यह तय हुआ कि पति और पत्नी अब अलग अलग रहेंगे। इस घटना के पांच महीने बाद एक दिन अचानक युवती अपने पिता के घर से गायब हो गयी।
19 फरवरी को दर्ज कराया मुकदमा
पिता ने मेदिनीनगर थाने में बीते 19 फरवरी को इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस को दी गयी शिकायत में अपनी बेटी के अपहरण का आरोप दामाद पर लगाया। पुलिस से अपनी बेटी की बरामदगी की गुहार भी लगायी। पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरु की और युवती को पांकी थाना क्षेत्र के सरोना गांव के रहने वाले उसके प्रेमी के घर से बरामद कर लिया।
पूछताछ में युवती ने बताया सच
युवती ने पुलिसिया पूछताछ में बताया कि वह अपने प्रेमी राजकुमार भुइयां के साथ स्वेच्छा से जम्मू चली गयी थी। वहीं पर दोनों ने शादी रचाई। इसके बाद अब दामाद के खिलाफ शिकायत करने वाले लड़की के पिता कानूनी शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक झूठा केस दर्ज करने के आरोप में उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।