
Bageshwar Dham: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम में एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है, जहां 251 गरीब और अनाथ बेटियों की शादी करवाई जा रही है। इस भव्य सामूहिक विवाह समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शामिल होकर वर-वधू को आशीर्वाद देंगी। यह आयोजन बुंदेलखंड महोत्सव के अंतिम दिन रखा गया है और इसकी सारी व्यवस्थाएं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री द्वारा की जा रही हैं।
बागेश्वर धाम में होने वाले इस सामूहिक विवाह में शामिल 251 लड़कियों में से 54 अनाथ हैं, 94 के पिता नहीं हैं और 87 परिवार इतने गरीब हैं कि जीवन यापन भी मुश्किल है। इसके अलावा, 4 दिव्यांग लड़कियों की भी शादी करवाई जा रही है।
श्रेणी लड़कियों की संख्या
दिव्यांग: 4
जिनके माता-पिता नहीं : 54
जिनके पिता नहीं : 94
जिनकी मां नहीं : 12
अत्यंत गरीब : 87
छतरपुर जिले के निवारी गांव की सोनम, जिसकी शादी भी इस आयोजन में हो रही है, बताती हैं कि उनके लकवाग्रस्त दादा उनकी शादी को लेकर बेहद चिंतित थे। उनकी मां और भाई मजदूरी करते हैं और घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। बागेश्वर धाम ने उनकी शादी की सारी व्यवस्थाएं की हैं, जिससे उनके परिवार का बड़ा सपना साकार हो रहा है।
छतरपुर में रहने वाली निकिता साहू की भी शादी बागेश्वर धाम में हो रही है। निकिता के पिता ने बहुत पहले परिवार को छोड़ दिया था। उनकी मां और भाई दुकानों में काम करके घर चलाते हैं। शादी के लिए पैसे न होने के कारण निकिता को भी इस आयोजन में शामिल किया गया।
पनौठा गांव की गीता और उनकी छोटी बहन आरती अपने 80 वर्षीय दादी के साथ रहती हैं। बचपन में मां की मौत हो गई थी और पिता भी छोड़कर चले गए। बचपन से ही संघर्ष कर रही गीता की शादी बागेश्वर धाम के आयोजन में करवाई जा रही है।
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि अब मंदिरों की दान पेटी से गरीब बेटियों की शादी करवाई जाएगी। 251 लड़कियों की शादी की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। सभी नवविवाहिताओं को गृहस्थ जीवन के लिए ज़रूरी सामान, सिलाई मशीन और आटा चक्की भी उपहार में दी जा रही है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
इस आयोजन में हर जाति और समाज की बेटियों को शामिल किया गया है।
जाति लड़कियों की संख्या
आदिवासी: 108
दलित : 70
पिछड़ा वर्ग: 57
सामान्य : 16
बागेश्वर धाम में यह ऐतिहासिक विवाह आयोजन सामाजिक समरसता और मानवता की मिसाल बन चुका है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आशीर्वाद से यह बेटियां अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगी। इस महायज्ञ में धीरेंद्र शास्त्री का यह कदम उन बेटियों के लिए एक नई रोशनी लेकर आया है, जो आर्थिक तंगी के कारण विवाह के सपने से कोसों दूर थीं।
यह भी पढ़ें… लहंगा लेने जा रही मेडिकल छात्रा अचानक गिरी तो फिर उठी ही नहीं, डॉक्टर भी हैरान!
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।