
Bhojshala Dhar Maa Vagdevi Puja News: मध्यप्रदेश के धार जिले में 25 मई को एक ऐतिहासिक घटना हुई, जो पिछले लगभग 750 साल में पहली बार देखने को मिली। भोजशाला परिसर में पहली बार मां वाग्देवी का पूरे विधि-विधान से पूजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं भोजशाला में प्रवेश कर मां सरस्वती का ध्यान किया और विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की। इस मौके पर उन्होंने धारवासियों को बधाई दी और कहा कि अब धार में वह सब होगा जो जनता चाहती है।
मुख्यमंत्री ने राजा भोज, सम्राट विक्रमादित्य और हर्षवर्धन को मालवा की महान परंपरा से जोड़ा। उन्होंने कहा कि राजा भोज ने कई ग्रंथ लिखे और ऐतिहासिक निर्माण कार्य किए। उनके द्वारा बनाए गए जल संरक्षण कार्य आज भी प्रेरणा देते हैं। भोज ने भोपाल तालाब जैसी बड़ी जल संरचना विकसित की और कवि सम्मेलन आयोजित कर रचनाकारों को सम्मान दिया।
सीएम डॉ. यादव ने घोषणा की कि धार में मां सरस्वती लोक और राजा भोज शोध संस्थान की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि धार अब पर्यटन, शिक्षा और संस्कृति का प्रमुख केंद्र बनेगा। पीएम मित्रा पार्क के जरिए कपास आधारित उद्योग और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही जल संरक्षण और ग्रामीण विकास के कई प्रोजेक्ट भी चल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘विरासत से विकास’ नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उसका पालन कराना मजबूत नेतृत्व को दर्शाता है। भारत विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है।
सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के फैसले के बाद धार नए दौर में प्रवेश कर रहा है। यह 750 साल पुराने संघर्ष का परिणाम है और अब क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत लाखों कार्य किए जा रहे हैं। कुओं का पुनर्भरण, खेत तालाब, अमृत सरोवर और बावड़ियों का संरक्षण किया जा रहा है। धार में भी सिंचाई और जल संरक्षण के कई कार्य चल रहे हैं।
भोजशाला आंदोलन में प्राण गंवाने वाले स्वर्गीय पंत सिंह, अंतर सिंह और लक्ष्मण सिंह के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की सहायता दी गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभ भी वितरित किए
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।