
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के खेल इतिहास में 22 नवंबर का दिन एक नई शुरुआत के रूप में दर्ज हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नाथू बरखेड़ा में बने अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के पहले चरण का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। करीब 134 एकड़ में फैले इस खेल परिसर को तैयार करने में लगभग 1,000 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके शुरू होने से भोपाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाओं वाला बड़ा केंद्र मिलने जा रहा है।
लोकार्पण समारोह को खास बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने इसमें आम जनता और खिलाड़ियों को भी शामिल किया। कार्यक्रम में भारत के साथ चीन, दक्षिण कोरिया, जापान, मलेशिया और थाईलैंड की टीमों ने मार्च पास्ट किया। इस दौरान मशहूर गायक सुखविंदर सिंह का भी अभिनंदन किया गया। समारोह के समापन के बाद सुखविंदर सिंह ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया और पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशियन गेम्स, पैरा एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्य प्रदेश और देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। राज्य सरकार की ओर से इन खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में कुल 9 करोड़ 23 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।
नाथू बरखेड़ा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक अलग अंदाज में जनता को भी इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बनाया। उन्होंने परिसर में मौजूद युवाओं और खिलाड़ियों से कहा कि वे भी अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर खेल परिसर के लोकार्पण में भागीदार बनें।
मुख्यमंत्री ने खुद भी मोबाइल की टॉर्च जलाई और वहां मौजूद लोगों के साथ मिलकर परिसर का दोबारा सांकेतिक लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मोबाइल की टॉर्च से निकलने वाली रोशनी उल्लास, उमंग और उत्साह का संदेश देगी। यह ऐसा दृश्य है, जिसमें देश और प्रदेश के खेलों का सुनहरा भविष्य दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के इतिहास में भोपाल के लिए आज का दिन स्वर्णिम दिवस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में लगातार नए मुकाम हासिल कर रहा है। देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और भारत खेलों की दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने भोपाल में इतने बड़े स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण को सौभाग्य की बात बताया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है और मध्य प्रदेश में भी करीब 28 प्रतिशत आबादी युवा वर्ग की है। ऐसे में युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर देना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत केवल खेलों में ही नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। मध्य प्रदेश भी तेजी से स्वर्णिम राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा और मेहनत से प्रदेश का नाम दुनिया भर में रोशन करें।
खेल, युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि भोपाल को अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल परिसर मिलना बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए शहरों और गांवों, दोनों का विकास जरूरी है।
उन्होंने कहा कि गांवों में खुशहाली लाने, खेत-खलिहानों को समृद्ध बनाने और युवाओं को सही दिशा देने के साथ-साथ उन्हें शारीरिक रूप से भी मजबूत बनाना होगा। देश को हिट बनाने के लिए फिट रहना जरूरी है। खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
मंत्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। एक समय मध्य प्रदेश खेलों के मामले में 17वें स्थान पर था, लेकिन अब राज्य तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में मध्य प्रदेश को देश में सबसे बेहतर खेल इंफ्रास्ट्रक्चर वाले राज्यों में शामिल करना है।
विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि प्रदेश सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। सरकार मध्य प्रदेश को खेलों का प्रमुख केंद्र बनाना चाहती है। इसके साथ ही भोपाल को देश की खेल राजधानी के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण को भी मंजूरी दे दी है। इसका निर्माण कार्य जल्द आगे बढ़ेगा। इसके अलावा प्रदेश में एशियन चैंपियनशिप जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने की भी तैयारी है। मंत्री ने कहा कि भोपाल की हॉकी की पुरानी पहचान और चमक को फिर से वापस लाने के प्रयास किए जाएंगे। सरकार चाहती है कि मध्य प्रदेश में ऐसी खेल सुविधाएं विकसित हों, जहां से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकें।
कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी खेल परिसर के लोकार्पण को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक खेल परिसर से भोपाल में खेलों का बेहतर माहौल तैयार होगा। आने वाले समय में यहां से ऐसे खिलाड़ी निकलेंगे, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों के विकास की यह शुरुआत है। आने वाले वर्षों में मध्य प्रदेश खेलों के क्षेत्र में काफी आगे जाएगा। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के नए अवसर प्राप्त होंगे।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।