
भोपाल। सीधी। कभी जंगलों में मिलने वाला महुआ मुख्य रूप से पारंपरिक इस्तेमाल के लिए जाना जाता था, लेकिन अब मध्यप्रदेश के सीधी जिले की महिलाओं ने इसी महुए को कमाई का जरिया बना लिया है। उनके हुनरमंद हाथों से तैयार महुआ के लड्डू और बिस्किट लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। इन उत्पादों की मांग अब सीधी और रीवा से निकलकर उत्तर प्रदेश के बनारस तक पहुंच गई है।
गांव की महिलाओं ने यह साबित कर दिया है कि अगर सही प्रशिक्षण, थोड़ा सहयोग और बाजार तक पहुंच मिल जाए तो वे भी सफल उद्यमी बन सकती हैं। सीधी की महिला स्व-सहायता समूहों ने महुआ को एक नए खाद्य उत्पाद के रूप में पहचान दिलाई है। खास बात यह है कि इससे महिलाओं को अपने गांव में ही रोजगार मिल रहा है और परिवार की आमदनी भी बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी महिलाओं की इस पहल की सराहना की है। उन्होंने सीधी में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित करते हुए महिला स्व-सहायता समूहों की उपलब्धि का जिक्र किया था। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले छह महीनों में समूह की महिलाओं ने 24 क्विंटल महुआ लड्डू और 5 क्विंटल महुआ बिस्किट बेचकर करीब 13 लाख रुपये की आमदनी अर्जित की है। उन्होंने महिला उद्यमियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई भी दी।
सीधी जिला मुख्यालय से करीब 36 किलोमीटर दूर गजरी गांव की महिमा स्व-सहायता समूह की महिलाएं महुआ से लड्डू और बिस्किट तैयार कर रही हैं। समूह की अध्यक्ष मंजू सिंह के साथ 14 अन्य महिलाएं इस काम में जुटी हैं। इस कारोबार की शुरुआत हुए अभी करीब एक साल ही हुआ है, लेकिन समूह ने कम समय में अच्छी पहचान बना ली है।
मंजू सिंह बताती हैं कि समूह सरकारी खरीद व्यवस्था के माध्यम से 55 रुपये प्रति किलो की दर से महुआ खरीदता है। इसके बाद महिलाएं अपने हुनर से उसका मूल्य संवर्धन करती हैं और उससे महुआ के लड्डू तैयार किए जाते हैं। बाजार में इन लड्डुओं की कीमत 520 रुपये प्रति किलो रखी गई है। लड्डुओं को ज्यादा स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाने के लिए महुए के साथ बादाम और काजू जैसे सूखे मेवे भी मिलाए जाते हैं। यही वजह है कि इनकी मांग लगातार बढ़ रही है।
समूह को 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर होने वाले सरकारी कार्यक्रमों के लिए कलेक्टोरेट की ओर से भी ऑर्डर मिलते हैं। मंजू सिंह के मुताबिक, पिछले एक साल से उन्हें लगातार ऑर्डर मिल रहे हैं। हरित भारत मिशन की ओर से भी बड़ी संख्या में मांग आती है। सांसद और विधायक भी विभिन्न कार्यक्रमों के लिए महुआ के लड्डू मंगवाते हैं।
महुआ बिस्किट भी बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। बच्चे इन्हें बड़े चाव से खाते हैं। समूह की महिलाएं उत्पादों की गुणवत्ता और साफ-सफाई का खास ध्यान रखती हैं, ताकि बाजार में उनकी विश्वसनीयता बनी रहे। इस कारोबार से समूह की प्रत्येक महिला सदस्य को हर महीने करीब 10 से 15 हजार रुपये तक की आमदनी हो रही है। महिलाओं के लिए यह सिर्फ अतिरिक्त कमाई नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से अपने पैरों पर खड़े होने का मौका भी है।
महिमा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष मंजू सिंह बताती हैं कि इस काम की शुरुआत साल 2025 में हुई थी। सबसे पहले समूह की महिलाओं ने छिंदवाड़ा में प्रशिक्षण लिया। वहां महुआ से खाद्य उत्पाद तैयार करने की बारीकियां सीखीं। इसके बाद महिलाओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ बाजार में उतरने का फैसला किया और व्यवस्थित तरीके से महुआ के लड्डू, बिस्किट और कुकीज बनाने का काम शुरू कर दिया। हालांकि, महिलाएं यहीं नहीं रुकीं। उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने और निर्माण प्रक्रिया को बेहतर तरीके से समझने के लिए उन्होंने भोपाल और जगदलपुर में भी प्रशिक्षण और अनुभव हासिल किया।
भोपाल स्थित बी एंड बी बेकरी एवं बेकिंग अकादमी में समूह की छह महिला सदस्यों को विशेष प्रशिक्षण दिलाया गया। इससे उन्हें बेकिंग और खाद्य उत्पाद तैयार करने की तकनीक समझने में मदद मिली। मंजू सिंह कहती हैं कि प्रशिक्षण के बाद उत्पादों की गुणवत्ता में काफी सुधार आया है। अब बाजार में भी पहले से बेहतर अवसर मिल रहे हैं। इससे समूह की आमदनी बढ़ी है और महिलाओं का आत्मविश्वास भी मजबूत हुआ है।
महिमा स्व-सहायता समूह की सचिव चन्द्रावती साकेत बताती हैं कि समूह की महिलाएं मिल-जुलकर काम करती हैं। उन्होंने काम को आसान बनाने के लिए पांच-पांच महिलाओं की टीमें बनाई हैं। महुआ खरीदने से लेकर उसकी सफाई, लड्डू बनाने, पैकिंग और मार्केटिंग तक की जिम्मेदारी आपस में बांट रखी है। इससे किसी एक महिला पर काम का ज्यादा दबाव नहीं पड़ता और सभी को अपनी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी निभाने का मौका मिलता है।
चन्द्रावती साकेत खुद भी महुआ संग्रहण, प्रसंस्करण और उत्पाद निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनका कहना है कि समूह की सभी महिलाएं इस बात से खुश हैं कि उन्होंने मिलकर आर्थिक आत्मनिर्भरता की एक मिसाल कायम की है। अब इन महिलाओं का लक्ष्य अपने उत्पादों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है। गांव की दूसरी महिलाओं के लिए भी उनका यह प्रयास प्रेरणा बन रहा है।
सीधी जिले में महुआ से जुड़े महिला उद्यमिता के प्रयास सिर्फ गजरी गांव तक सीमित नहीं हैं। सीधी विकासखंड के ग्राम बरमबाबा का गौरी स्व-सहायता समूह भी इस दिशा में अच्छा काम कर रहा है। समूह की संचालिका शिवकली साहू के नेतृत्व में साल 2024 में महुआ के लड्डू बनाने का काम शुरू किया गया था। समूह में कुल 10 महिलाएं हैं। इन महिलाओं ने महुआ के पारंपरिक उपयोग से आगे बढ़कर इसे खाद्य उत्पाद के रूप में तैयार करना और बाजार तक पहुंचाना शुरू किया।
शिवकली साहू बताती हैं कि पहले महुआ का इस्तेमाल मुख्य रूप से पारंपरिक रूप से मदिरा बनाने में किया जाता था। लेकिन समूह की महिलाओं ने इसकी एक नई संभावना तलाश की। उन्होंने महुआ से लड्डू तैयार कर इसे अपनी आजीविका का साधन बना लिया। अब तक समूह करीब 3 क्विंटल महुआ के लड्डू तैयार कर बेच चुका है। कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए महिलाएं अब महुआ से बिस्किट और कुकीज बनाने की तैयारी कर रही हैं। इससे उनके उत्पादों की संख्या बढ़ेगी और बाजार में नए ग्राहक भी जुड़ सकेंगे।
मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने और उनमें उद्यमिता की भावना विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं को प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें छोटे कारोबार शुरू करने और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। सीधी की महिलाओं की सफलता इसी पहल का एक उदाहरण है। इन समूहों ने दिखाया है कि जंगलों में मिलने वाली सामान्य उपज भी सही तरीके से इस्तेमाल की जाए तो अच्छी आमदनी का जरिया बन सकती है।
महुआ के लड्डू और बिस्किट तैयार करने से महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला है। साथ ही महुआ को लेकर लोगों की सोच में भी बदलाव आ रहा है। अब यह सिर्फ जंगल से मिलने वाली उपज नहीं, बल्कि एक उपयोगी खाद्य उत्पाद और महिला उद्यमिता का आधार बन रहा है।
प्रशिक्षण, सामूहिक मेहनत और बाजार से जुड़ाव के सहारे सीधी की ये महिलाएं अपनी आर्थिक स्थिति बदल रही हैं। उनका प्रयास दूसरी ग्रामीण महिलाओं को भी यह संदेश दे रहा है कि हुनर और मेहनत के दम पर गांव में रहते हुए भी सफल कारोबार खड़ा किया जा सकता है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।