
Bhopal Tiranga Yatra: राजधानी भोपाल में 14 अगस्त को देशभक्ति का ऐसा नजारा दिखा, जिसने पूरे कोलार इलाके को तिरंगे के रंग में रंग दिया। सड़कों पर हजारों युवा, हाथों में लहराता तिरंगा, गूंजते देशभक्ति के गीत और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा माहौल जोश से भर गया। बाइक पर सवार युवाओं की लंबी कतार के बीच जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई, तो देखते ही देखते कारवां आगे बढ़ता चला गया। खास बात यह रही कि CM खुद भी कुछ देर गाड़ी से उतरे और लोगों के बीच पैदल चले। बच्चों से मिले, सेल्फी ली और लोगों का उत्साह बढ़ाया। इसी दौरान उन्होंने 2027 को ‘युवा वर्ष’ घोषित करने का बड़ा ऐलान भी कर दिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल के डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी नगर से निकाली गई यह भव्य तिरंगा यात्रा सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी तिरंगा यात्राओं में शामिल है। 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस विशाल यात्रा के जरिए राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के जरिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्साह और उमंग को और आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज देशभर में नभ, जल और थल हर जगह तिरंगा शान से लहरा रहा है। तिरंगा यात्रा में दिखाई दे रहा जन उत्साह देशभक्ति की नई ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की बढ़ती ताकत और सामर्थ्य को देख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत का गौरव लगातार बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 को निवेश वर्ष के तौर पर मनाया गया। इससे आजीविका के रास्ते आसान हुए हैं। वहीं, किसान कल्याण वर्ष में सरकार किसानों की बेहतरी के लिए काम कर रही है। उन्होंने एक बार फिर कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित किया जाएगा। दुनिया के सामने भारत का मान-सम्मान और पहचान और मजबूत करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की बात भी उन्होंने कही। इस शानदार तिरंगा यात्रा के लिए उन्होंने सभी को बधाई दी।
इस तिरंगा यात्रा का आयोजन कर्म श्री संस्था की ओर से किया गया था। यह यात्रा वर्षा मदर टेरेसा स्कूल से संत हिरदाराम नगर तक निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा बाइकर्स शामिल हुए। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। बाइकर्स के साथ-साथ इस ऐतिहासिक यात्रा में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक और महिलाएं भी शामिल हुईं। इस दौरान कई स्कूलों के बच्चों ने भी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का स्वागत किया। कई बच्चे भारत माता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा में नजर आए। तिरंगा यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, पूरा इलाका भारत माता की जय के नारों से गूंजता रहा। चारों तरफ लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने माहौल को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।