
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रियों और राज्य के सांसदों से मुलाकात कर प्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय के जरिए विकास कार्यों को तेज करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन, केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर से भी चर्चा की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा महेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने इससे पहले मध्यप्रदेश के सांसदों के साथ वन-टू-वन बैठक भी की। इस बैठक में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की गई। उन्होंने सांसदों से उनके क्षेत्र की प्राथमिकताओं और जरूरतों को समझते हुए योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करने पर सुझाव लिए।
मध्यप्रदेश भवन में आयोजित बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इस दौरान यह चर्चा हुई कि प्रदेश के विभिन्न अंचलों में इन योजनाओं को और प्रभावी तरीके से कैसे लागू किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से मिलकर काम करने और योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।