MP News: CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, MP में निवेश का रास्ता आसान, 900 कानून भी खत्म

Published : Sep 09, 2026, 09:48 AM IST
mohan yadav dubai mp investment gis 2027

सार

CM मोहन यादव ने दुबई में MP की निवेश नीतियों और सुविधाओं का खाका रखा। 2700+ नियम खत्म करने, 15 लाख करोड़ निवेश और GIS-2027 की जानकारी दी।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में उद्योग और व्यापार को आसान बनाने के लिए सरकार ने 2700 से ज्यादा नियमों और करीब 900 कानूनों को समाप्त किया है। सरकार का उद्देश्य उद्योगों के सामने आने वाली अनावश्यक जटिलताओं को कम करना और ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां निवेशक आसानी से अपना कारोबार शुरू और विस्तार कर सकें।

मुख्यमंत्री मंगलवार को दुबई में आयोजित 'इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश' को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तय औद्योगिक नीतियों के तहत निवेशकों को जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं। जहां आवश्यकता होगी, वहां निवेश को बढ़ावा देने के लिए नीतियों में जरूरी छूट देने पर भी विचार किया जाएगा।

MP Investment: मोदी की कार्यशैली से दुनिया में बढ़ा भारत का गौरव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली ने दुनिया के अलग-अलग देशों में बसे भारतीय समुदाय में गौरव की भावना मजबूत की है। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहते प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य को विकास की नई दिशा दी और अब देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी नीतियों का असर वैश्विक स्तर पर दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया भारतीय अर्थव्यवस्था की ताकत को देख रही है। दुबई को वैश्विक अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यूएई के जरिए अफ्रीका, एशिया और यूरोप के बीच बड़े स्तर पर व्यापार होता है। ऐसे में मध्यप्रदेश के लिए यूएई के निवेशकों के साथ जुड़ना बेहद महत्वपूर्ण है।

Mining Investment: MP में हीरा और सोने के भंडार, निवेशकों के लिए बड़ा मौका

मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश की खनिज संपदा को निवेशकों के सामने बड़ी ताकत के रूप में रखा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में हीरे और सोने सहित कई महत्वपूर्ण खनिज संसाधन मौजूद हैं। कटनी और सिंगरौली में सोने की खदानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में माइनिंग सेक्टर के विस्तार की काफी संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने निवेशकों से मध्यप्रदेश आने और इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश से न केवल कारोबार का विस्तार होगा, बल्कि मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था भी और मजबूत होगी।

Green Energy: MP में सस्ती बिजली और निवेशकों के लिए बड़ी छूट

डॉ. यादव ने बताया कि होटल कारोबार शुरू करने वाले निवेशकों को मध्यप्रदेश सरकार 30 प्रतिशत तक कैपिटल सब्सिडी दे रही है। उन्होंने राज्य की ऊर्जा क्षमता का जिक्र करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में बिजली की दरें बेहद प्रतिस्पर्धी हैं और सरकार ग्रीन एनर्जी के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि सरकार हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई परियोजनाओं और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए जरूरी सहयोग उपलब्ध कराएगी।

GIS 2027: CM मोहन यादव ने निवेशकों को दिया भोपाल आने का न्योता

मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश को संभावनाओं से भरी भूमि बताते हुए कहा कि राज्य में नवाचार, विकास और साझा समृद्धि के लिए बड़ा अवसर मौजूद है। उन्होंने निवेशकों को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली Global Investors Summit (GIS-2027) में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में देश की बेहतर एविएशन पॉलिसी में से एक है और अब यूएई व अबुधाबी के लिए सीधी एयर कनेक्टिविटी भी उपलब्ध हो गई है।

राज्य सरकार फ्लाइट्स को वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) भी उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अगले महीने मध्यप्रदेश से शारजाह के लिए भी उड़ान सेवा शुरू होने वाली है। डॉ. यादव ने कहा कि यह उनकी लगातार दूसरे वर्ष दुबई यात्रा है। इससे पहले वे मध्यप्रदेश पर्यटन निगम के अध्यक्ष के रूप में भी दुबई आ चुके हैं। उन्होंने निवेशकों को राज्य की औद्योगिक सुविधाओं, नीतियों और निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों की विस्तार से जानकारी दी।

Madhya Pradesh Growth: 15 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव जमीन पर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। मध्यप्रदेश से वर्तमान में 76 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निर्यात हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य देश में सबसे तेज विकास दर वाले राज्यों में शामिल है और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों के सामने मध्यप्रदेश की कानून-व्यवस्था और समयबद्ध तरीके से सरकारी काम निपटाने की व्यवस्था को भी प्रमुख विशेषता के रूप में रखा।

Industrial Land: सिर्फ 29 दिन में जमीन उपलब्ध कराने का दावा

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को काफी तेज किया गया है। अब करीब 29 दिन में जमीन उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार 'ऑन द स्पॉट लैंड अलॉटमेंट' की व्यवस्था पर काम कर रही है, ताकि निवेशकों को जमीन के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मध्यप्रदेश में एक लाख से अधिक का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक उपलब्ध है। राज्य में पांच लाख किलोमीटर से ज्यादा का सड़क नेटवर्क भी है। उन्होंने कहा कि निवेश से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने दुबई के विकास का उदाहरण देते हुए कहा कि बुर्ज खलीफा की ऊंचाई के साथ दुबई की पहचान और आर्थिक ताकत भी लगातार बढ़ी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भी समय को पहचानने वाले निवेशकों के बीच अपनी संभावनाओं को अवसरों में बदलने के लिए आया है।

Logistics, Mining और Tourism: MP में निवेश के बड़े अवसर

दुबई में आयोजित इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश सेशन के तीसरे दिन औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने निवेशकों के सामने मध्यप्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं का प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने राज्य की कनेक्टिविटी, निवेश-अनुकूल नीतियों और तेजी से तैयार हो रहे औद्योगिक इकोसिस्टम की जानकारी दी। प्रेजेंटेशन में विशेष रूप से लॉजिस्टिक्स, माइनिंग और टूरिज्म सेक्टर में उपलब्ध अवसरों पर जोर दिया गया।

उन्होंने बताया कि Logistics Policy-2025 के तहत निवेशकों को फिक्स्ड कैपिटल इन्वेस्टमेंट पर 30 प्रतिशत तक सहायता सहित कई प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं। मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, नर्मदा एक्सप्रेस-वे और दिल्ली-नागपुर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से जुड़े औद्योगिक अवसरों को भी निवेशकों के सामने रखा गया।

Mining Sector: हीरा, तांबा, मैंगनीज और सोना निवेश के बड़े विकल्प

माइनिंग सेक्टर में हीरा, तांबा, मैंगनीज, चूना पत्थर और सोने सहित विभिन्न खनिज संसाधनों को निवेश के संभावित क्षेत्रों के रूप में बताया गया। मध्यप्रदेश की खनिज संपदा और औद्योगिक उपयोग की संभावनाओं को देखते हुए निवेशकों के लिए माइनिंग आधारित उद्योग स्थापित करने के अवसरों पर भी जानकारी दी गई।

Tourism Investment: 2024 में MP पहुंचे 13.41 करोड़ पर्यटक

पर्यटन क्षेत्र में मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीव और आध्यात्मिक स्थलों को निवेश की बड़ी संभावना के तौर पर पेश किया गया। प्रेजेंटेशन में बताया गया कि वर्ष 2024 में मध्यप्रदेश में 13.41 करोड़ पर्यटक पहुंचे। Tourism Policy-2025 के तहत निवेशकों को पूंजी निवेश पर 30 प्रतिशत तक सब्सिडी, स्टांप ड्यूटी की प्रतिपूर्ति और 90 साल तक की लीज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। राज्य के अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर होटल, हॉस्पिटैलिटी और अन्य पर्यटन सुविधाओं के विकास में निजी निवेश की संभावनाएं भी निवेशकों के सामने रखी गईं।

Dubai Investors: भारत-यूएई साझेदारी में MP की बढ़ती भूमिका

दुबई में भारत के काउंसिल जनरल डॉ. ई. विष्णुवर्धन रेड्डी ने कहा कि भारत और यूएई के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए लगभग हर क्षेत्र में संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्योग जगत के साथ लगातार संवाद की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हर कार्यक्रम में समान ऊर्जा के साथ निवेशकों से बातचीत कर रहे हैं। आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश के साथ भारत-यूएई संबंधों को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने मध्यप्रदेश की बेहतर कनेक्टिविटी, तेज आर्थिक विकास के साथ राज्य की पर्यटन और आध्यात्मिक क्षमता की भी सराहना की।

Pravasi Indian Investors: MP में निवेश को लेकर उत्साह

आईपीएफ यूएई के नेशनल प्रेसिडेंट जितेंद्र वैद्य ने मध्यप्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान राम के वनवास से जुड़े चित्रकूट जैसे महत्वपूर्ण स्थल मध्यप्रदेश में हैं और ऐसे राज्य में निवेश करना निवेशकों के लिए एक अवसर है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश में अधिक से अधिक निवेश लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उद्योगपति और सांसद राजिंदर गुप्ता ने भी मध्यप्रदेश की विकास क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में मध्यप्रदेश आने वाले समय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उनके मुताबिक प्रदेश में उद्योगों को सरकार की ओर से जरूरी सहयोग मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ने वाले राज्यों में शामिल हो रहा है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

MP Investment: दुबई में छाया मध्यप्रदेश, Green Energy से AI तक निवेश की लगी होड़
इंदौर के कचरा मॉडल को मिलेगी UAE की तकनीक? CM यादव ने बनाया बड़ा प्लान!