
भोपाल: शुक्रवार, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों महापुरुषों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने देश के लोकतंत्र, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद भारत का लोकतंत्र दुनिया में अपनी अलग पहचान बना रहा है। सीएम ने कैप्टन स्मित मछार के साहस को भी सलाम किया और उनकी खूब तारीफ की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 अक्टूबर देश के लिए खास दिन है। इस दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में योगदान देने वाले इन दोनों नायकों को याद करना और उनकी जयंती मनाना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी के विचारों और स्वदेशी की भावना को आगे बढ़ा रहे हैं। देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इसी सोच के साथ लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि आज भारत दुनिया में लोकतांत्रिक व्यवस्था के तौर पर मजबूती से अपनी पहचान बना रहा है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर आज भोपाल में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।
बापू का सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा का संदेश आज भी पूरी मानवता को शांति, सद्भाव और करुणा की राह दिखाता है। pic.twitter.com/jmfbVCbNV0— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 2, 2026
पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आज भोपाल में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और दृढ़ इच्छाशक्ति से राष्ट्रसेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करने वाले शास्त्री जी का जीवन हम सभी के लिए सदैव… pic.twitter.com/dpW9sa8Aph— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 2, 2026
डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया। उनके मुताबिक उस दौरान अंग्रेजों की सोच और उनकी व्यवस्थाओं की विरासत को आगे बढ़ाया गया। सीएम ने कहा कि अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 'मेक इन इंडिया' और 'मेड इन इंडिया' की भावना के साथ स्वदेशी को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मौके पर भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मित मछार को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इजरायल के यात्री विमान में कैप्टन मछार ने अपनी जान की बाजी लगाकर यात्रियों की जान बचाई। डॉ. यादव ने कहा कि उनके इस अद्भुत साहस से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हुआ है। उन्होंने यात्रियों की जान बचाने के साथ आतंकवादियों के नापाक मंसूबों को भी तार-तार कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मछार को उनके साहस के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के लोग भी कैप्टन मछार के अदम्य साहस, शौर्य और मानवता की भावना को नमन करते हैं। डॉ. यादव ने कैप्टन मछार को इस गौरवपूर्ण कार्य के लिए हार्दिक बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल आ रहे हैं। उनके दौरे के दौरान राज्य में कई कार्यक्रम और विकास कार्य होंगे। गोपालक सम्मेलन के जरिए प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। वहीं, आइसर के माध्यम से युवा पीढ़ी के कौशल विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा। डॉ. यादव ने कहा कि अमित शाह के दौरे के दौरान स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का उद्घाटन भी होगा। इसके अलावा प्रदेश को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं और कार्यक्रमों से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलमुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश नशामुक्ति की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। हमारा राज्य जल्द ही नशामुक्त होने की ओर अग्रसर है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।