
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 2 अक्टूबर को संगीत का एक अलग ही रंग देखने को मिला। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में माउथ ऑर्गन की सुरीली धुनों ने ऐसा माहौल बनाया कि दर्शक काफी देर तक संगीत में डूबे रहे। किसी कलाकार ने ‘वैष्णव जन तो...’ की धुन छेड़ी तो किसी ने ‘कहता है दिल...’ और ‘बार-बार देखो’ जैसे लोकप्रिय गीतों का संगीत सुनाकर लोगों की तालियां बटोरीं। मौका था भोपाल में आयोजित ‘भारतीय हार्मोनिका महोत्सव-2026’ का। महोत्सव के 13वें संस्करण का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
महोत्सव में कलाकार अनुपम पॉल ने अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को प्रभावित किया। वहीं देश की सुप्रसिद्ध 17 वर्षीय हार्मोनिका वादिका सिद्धि सोनी ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान सभागार में मौजूद श्रोता माउथ ऑर्गन की मधुर स्वर लहरियों में खोए नजर आए। लोकप्रिय गीतों की धुनों ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संगीत साधकों और देशभर से आए कलाकारों का मध्यप्रदेश की ओर से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संगीत के प्रति कलाकारों का समर्पण अद्भुत है और संगीत भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कला जगत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार कला और संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले महान साधकों को पद्म पुरस्कार देकर उनकी साधना का सम्मान कर रही है।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हारमोनिका एसोसिएशन की ओर से भोपाल में आयोजित देश के 13वें सम्मेलन में देशभर से माउथ ऑर्गन कलाकार पहुंचे हैं। उन्होंने सभी कलाकारों का मध्यप्रदेश की धरती पर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगीत और कला भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत के अभिन्न अंग हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कला, संगीत और संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ कलाकारों को सम्मान और उचित मंच देने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय हार्मोनिका महोत्सव देशभर के कलाकारों को एक मंच पर लाने के साथ माउथ ऑर्गन जैसी मधुर संगीत विधा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।