CM मोहन यादव का खाचरोद को बड़ा तोहफा, 78 करोड़ के विकास कार्य, फूड प्रोसेसिंग पार्क की घोषणा

Published : Jan 03, 2026, 10:37 AM IST
CM Mohan Yadav Khachrod development projects

सार

सीएम मोहन यादव ने खाचरोद में 78 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया। शिक्षा, किसान कल्याण, सिंचाई, सड़क, फूड प्रोसेसिंग और सोलर पंप योजनाओं से मध्यप्रदेश को समग्र विकास की दिशा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार समग्र विकास के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है। मध्यप्रदेश तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी वर्ग पीछे न छूटे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास की बयार बह रही है और आने वाले समय में यह गति और तेज होगी। नागरिकों की खुशहाली और समृद्धि ही सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को उज्जैन जिले के खाचरोद में विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

खाचरौद को 78 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खाचरोद को 78 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से जुड़े कुल 39 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 48 करोड़ 51 लाख रुपये के 16 कार्यों का लोकार्पण और 30 करोड़ 10 लाख रुपये के 23 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं खाचरोद के विकास को नई दिशा देंगी और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेंगी।

सांदीपनि विद्यालय: शिक्षा का पवित्र केंद्र, बच्चों के भविष्य की नींव

मुख्यमंत्री ने 35 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बने नए सांदीपनि विद्यालय भवन और 11 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बने नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालय आधुनिक शिक्षण सुविधाओं से युक्त हैं और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण व विश्वस्तरीय शिक्षा प्रदान करेंगे। ये विद्यालय प्रदेश में शिक्षा के पवित्र मंदिर के रूप में विकसित किए जा रहे हैं।

किसानों के लिए सुविधाओं से युक्त नई कृषि मंडी

नवीन कृषि उपज मंडी प्रांगण में किसानों की सुविधा के लिए कृषक विश्राम भवन, भोजनालय, पानी की टंकी और प्याऊ की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से संयुक्त तहसील कार्यालय, 5 करोड़ 25 लाख रुपये के जनपद पंचायत भवन और 6 करोड़ 91 लाख रुपये की लागत से स्वच्छ भारत मिशन (SBM-2.0) सहित अन्य कार्यों का भूमिपूजन किया। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा संचालित विद्यालय में 11 स्मार्ट क्लासेस का भी लोकार्पण किया गया।

खाचरौद में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क और नया स्टेडियम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा की कि क्षेत्र में बड़ी मात्रा में होने वाली हरी मटर सहित अन्य फसलों को बेहतर बाजार से जोड़ने के लिए खाचरौद में फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए नया स्टेडियम भी बनाया जाएगा। खाचरोद को रतलाम से डायरेक्ट फोरलेन सड़क से जोड़ा जाएगा, जिससे इसे इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र की सीधी सुविधा मिलेगी।

5 हजार करोड़ की लागत से बनेगा नया फोरलेन हाईवे

मुख्यमंत्री ने बताया कि नागदा-खाचरौद-जावरा-उज्जैन मार्ग पर करीब 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से नया फोरलेन हाईवे बनाया जा रहा है। इससे पूरे क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा। उन्होंने कहा कि पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी लिंक परियोजना से मालवा, निमाड़ और चंबल क्षेत्र को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी। सरकार अगले 5 वर्षों में प्रदेश की सिंचाई क्षमता 100 लाख हेक्टेयर तक बढ़ाएगी।

किसानों और कृषि उद्यमियों के लिए नए अवसर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2026 किसानों के कल्याण का वर्ष होगा। इस दौरान कृषि आधारित उद्योगों पर विशेष फोकस रहेगा। सरकार गेहूं खरीदी पर किसानों को 175 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दे रही है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें अन्नदाता से ऊर्जादाता बनाया जाएगा। प्रदेश के 32 लाख किसानों को सोलर पंप दिए जाएंगे, जिससे वे बिजली उत्पादन कर सिंचाई, व्यवसाय और अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे।

गरीब, युवा, महिला और बच्चों के कल्याण पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद तक शासन की योजनाएं और सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

सांस्कृतिक विरासत, शिक्षा और तीर्थ विकास पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागदा की विश्व में अलग पहचान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश-प्रदेश में सांस्कृतिक चेतना का पुनर्जागरण हो रहा है। सिंहस्थ 2028 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए नए और बेहतर स्कूल बनाए जा रहे हैं। सरकार श्रीकृष्ण पाथेय के निर्माण के साथ श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है।

किसान-कल्याण सर्वोपरि, सिंचाई और मुआवजा योजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवा क्षेत्र खेती-किसानी का कटोरा है। सरकार ने प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान के लिए करीब 3 हजार करोड़ रुपये वितरित किए हैं। भावांतर योजना से 6.50 लाख किसानों को 1300 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से बुंदेलखंड के 13 जिले लाभान्वित होंगे। इंदौर-उज्जैन-देवास-धार-शाजापुर-रतलाम के हिस्से मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र में शामिल होंगे।

खाचरोद विधायक ने रखी विकास संबंधी मांगें

खाचरौद विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान ने कहा कि उज्जैन जिले के किसानों को 265 करोड़ रुपये मुआवजा दिया जा चुका है। उन्होंने खाचरोद में कृषि महाविद्यालय और कृषि मंडी के लिए अतिरिक्त भूमि की मांग भी रखी।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

Clean City, Dirty Water: 10 मौत, 200 भर्ती, 32 ICU में- इंदौर IMC कमिश्नर हटे, जिम्मेदार कौन?
कई अफसर नप गए! दूषित पानी बना आफत, सीएम मोहन यादव ने इंदौर अफसरों पर चला दिया डंडा