सावन सोमवार में CM मोहन यादव का अनोखा अंदाज, चाक पर बनाया शिवलिंग

Published : Aug 10, 2026, 06:15 PM IST
cm mohan yadav

सार

MP के CM ने भोपाल में बुनकर-शिल्पियों के लिए 2 ई-कॉमर्स पोर्टल लॉन्च किए। समारोह में उत्कृष्ट कारीगरों को 1 लाख तक के पुरस्कार दिए गए। इसका लक्ष्य स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार प्रदान करना है।

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय बुनकर-शिल्पी सम्मान समारोह में अनोखे अंदाज में नजर आए। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मिट्टी के चाक पर शिवलिंग बनाया और बुनकरों व शिल्पकारों से उनकी कला और काम के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के बुनकरों, शिल्पियों और कलाकारों की मेहनत की जमकर सराहना की।

  • सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुटीर एवं ग्रामोद्योग से जुड़े देशभर के बुनकरों, शिल्पकारों और कलाकारों के परिश्रम को सम्मान दिलाने का संकल्प लिया है। मध्यप्रदेश सरकार भी स्वावलंबन की भावना के साथ हुनरमंद बुनकरों, शिल्पकारों और कलाकारों को सम्मानित कर रही है।

दो ई-कॉमर्स पोर्टल की शुरुआत

  • समारोह में मुख्यमंत्री ने मृगनयनी ई-कॉमर्स वेबसाइट और ओडीओपी मार्ट एमपी पोर्टल का शुभारंभ किया। इन डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए मध्यप्रदेश के हथकरघा, हस्तशिल्प और ओडीओपी उत्पादों को देशभर के बाजार से जोड़ने की पहल की गई है।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ के मंत्र को जमीन पर उतारने के लिए प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। इन पोर्टल्स के माध्यम से प्रदेश के बुनकरों, सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों से जुड़े कलाकारों और ओडीओपी उत्पादों को ग्लोबल मार्केट तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

उत्कृष्ट बुनकरों और शिल्पियों को पुरस्कार

  • कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुनकरों और शिल्पकारों को सम्मानित भी किया गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार रुपये के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने सम्मानित कलाकारों और बुनकरों को बधाई देते हुए उनकी कला को प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान बताया।
  • उन्होंने कहा कि चंदेरी का कुर्ता, महेश्वर की साड़ी, बाघ की शॉल और जरी का बैग मध्यप्रदेश की समृद्ध कला और परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हैं। इन उत्पादों से प्रदेशवासियों को गौरव का अनुभव होता है।

460 उत्पादों से होगी ऑनलाइन शुरुआत

  • मुख्यमंत्री ने बताया कि मृगनयनी के नए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर पहले चरण में 460 उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं। मृगनयनी एंपोरियम के माध्यम से करीब 16 हजार स्थानों तक उत्पादों की डिलीवरी सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।
  • वहीं, ओडीओपी पोर्टल पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। चंदेरी की साड़ी, सीधी की दरी, उज्जैन का बटिक और धार का बाघ प्रिंट जैसे उत्पादों को ऑनलाइन बाजार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

युवाओं के बीच बढ़ रही कुटीर उद्योग के उत्पादों की मांग

  • सीएम डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान युवा पीढ़ी भी अब कुटीर एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों को तेजी से अपना रही है। भोपाल और इंदौर जैसे प्रमुख शहरों के बाजारों में इन उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म शुरू होने के बाद युवा घर बैठे इन उत्पादों की ऑनलाइन खरीदारी कर सकेंगे।
  • उन्होंने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 250 वर्ष पहले उन्होंने महेश्वरी साड़ी के जरिए देशभर के बुनकरों को संरक्षण और अवसर प्रदान किया था।

मध्यप्रदेश में करीब ढाई लाख बुनकर-शिल्पकार

  • अपर मुख्य सचिव कुटीर एवं ग्राम उद्योग विभाग केसी गुप्ता ने बताया कि मध्यप्रदेश में करीब ढाई लाख बुनकर, शिल्पकार और कलाकार हैं। ये लोग पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना पारंपरिक कला और शिल्प को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
  • उन्होंने बताया कि कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग में कार्यरत करीब 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। नए ई-पोर्टल के जरिए मृगनयनी एंपोरियम के उत्पादों की देशभर में 15 हजार से अधिक लोकेशन पर डिलीवरी की जाएगी। वहीं, दूसरे पोर्टल पर विभाग के सात ओडीओपी उत्पाद उपलब्ध होंगे।

पीएम मित्र पार्क से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश अब गारमेंट सेक्टर में भी बड़ी छलांग लगाने की तैयारी कर रहा है। धार जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम मित्र पार्क की सौगात दी गई है। इससे लाखों लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे और खेत से लेकर कारखाने तक पूरी वैल्यू चेन तैयार होगी।
  • उन्होंने इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन सिटी में शामिल छह जिलों—इंदौर, उज्जैन, धार, देवास, शाजापुर और रतलाम—का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक इस क्षेत्र में तीन एयरपोर्ट, छह रेलवे जंक्शन, आठ से अधिक औद्योगिक क्षेत्र और पर्यटन केंद्र मौजूद हैं, जो रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उज्जैन में यूनिटी मॉल का निर्माण अंतिम चरण में

  • मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन में एक यूनिटी मॉल का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका काम अगले महीने तक पूरा होने की उम्मीद है। इस मॉल में कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से देशभर के विभिन्न उत्पादों को उपलब्ध कराया जाएगा।
  • कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विभाग तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के साथ उत्पादों पर लेबलिंग और क्यूआर कोड के जरिए उनकी जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी शुरू की गई है।
  • उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को देशभर में 15 हजार से अधिक लोकेशन तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

PREV

मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Read more Articles on

Recommended Stories

MP Police: CM मोहन यादव ने पुलिसकर्मियों को दी बड़ी सौगात, 27534 प्रमोशन और 9751 नई भर्तियों का ऐलान
MP News: जबलपुर में उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब, CM मोहन यादव ने बजाया डमरू-लगाया ‘बोल बम’ का जयकारा