
मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (एमपी टूरिज्म) ने इवेंट, एग्जीबिशन और माइस (MICE) सेक्टर में अपनी उत्कृष्ट कार्यक्षमता का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुंबई स्थित सिडको एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित प्रतिष्ठित "10वें डेसेनियल एग्जीबिशन एक्सीलेंस अवार्ड्स (EEA) 2026" में निगम को "एक्सीलेंस इन कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट" श्रेणी का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
यह सम्मान देश के इवेंट, एग्जीबिशन और माइस उद्योग में दिए जाने वाले सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में गिना जाता है। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ यह पुरस्कार प्राप्त किया।
पुरस्कार मिलने पर प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पर्यटन विकास निगम की निरंतर प्रतिबद्धता, पेशेवर कार्यशैली और मजबूत टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पर्यटन लगातार अपने बुनियादी ढांचे, आतिथ्य सेवाओं और आयोजन प्रबंधन क्षमताओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि आधुनिक कन्वेंशन सेंटर, बेहतर परिवहन कनेक्टिविटी और उत्कृष्ट मेहमाननवाजी की वजह से अब देश और विदेश की बड़ी कंपनियां तथा संस्थाएं अपने महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और सम्मेलनों के लिए मध्य प्रदेश को प्राथमिकता दे रही हैं।
पर्यटन निगम के महाप्रबंधक (इवेंट्स) विवेक जूड ने बताया कि राज्य में आयोजित 20 से अधिक राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय महत्वपूर्ण सम्मेलनों के सफल संचालन के आधार पर निगम को यह सम्मान प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि निगम की टीम ने कई बड़े और प्रभावशाली आयोजनों का सफल प्रबंधन किया है, जिनमें MP Growth Summit 2025, MP Tech Growth Summit 2025, Regional AI Impact Summit 2025, Regional Industry and Employment Summit तथा Madhya Pradesh Mining Conclave जैसे महत्वपूर्ण सम्मेलन शामिल हैं।
यह राष्ट्रीय पुरस्कार केवल पर्यटन निगम की प्रबंधन क्षमता का प्रमाण नहीं है, बल्कि मध्य प्रदेश को बिजनेस टूरिज्म और माइस उद्योग के क्षेत्र में एक प्रमुख राष्ट्रीय और वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की उपलब्धियां राज्य में निवेश, रोजगार, आर्थिक गतिविधियों और ज्ञान आधारित आयोजनों को नई गति प्रदान करेंगी। साथ ही इससे 'अतुल्य भारत का दिल' मध्य प्रदेश की पहचान देश और दुनिया में और मजबूत होगी।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।