
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुनिया के पहले और भारत में निर्मित सबसे बड़े निजी ऑप्टोसार उपग्रह ‘मिशन दृष्टि’ के सफल प्रक्षेपण पर गैलेक्सआई के संस्थापकों और उनकी युवा टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘मिशन दृष्टि’ अंतरिक्ष अनुसंधान और तकनीक के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह मिशन भारत की बढ़ती वैज्ञानिक क्षमता और नवाचार की ताकत को दर्शाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा युवाओं को विज्ञान और तकनीक सहित हर क्षेत्र में प्रोत्साहन देने का सकारात्मक परिणाम अब साफ दिखाई दे रहा है। देश में स्टार्टअप को बढ़ावा मिलने से अंतरिक्ष जैसे जटिल क्षेत्रों में भी युवा लगातार नए प्रयोग और नवाचार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि बेंगलुरु स्थित अंतरिक्ष स्टार्टअप गैलेक्सआई ने रविवार, 3 मई 2026 को ‘मिशन दृष्टि’ नामक दुनिया का पहला ऑप्टोसार सैटेलाइट सफलतापूर्वक लॉन्च किया। यह 190 किलोग्राम वजनी उपग्रह भारत में किसी निजी कंपनी द्वारा निर्मित सबसे बड़ा सैटेलाइट है। इसे स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट के माध्यम से कैलिफोर्निया से प्रक्षेपित किया गया।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।