
भोपाल/ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर ने स्वच्छता के मामले में एक नई पहचान बनाई है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में ग्वालियर को स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवॉर्ड मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहर के सफाई मित्रों और स्वच्छता दूतों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सिर्फ ग्वालियर का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। सफाई कर्मियों की मेहनत और आम लोगों की भागीदारी से ही शहर को यह उपलब्धि मिली है।
ग्वालियर में आयोजित स्वच्छता दूत सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में स्वच्छता अभियान का नेतृत्व कर दुनिया में भारत की अलग पहचान बनाई है। उन्होंने लाल किले से खुद झाड़ू उठाकर देशवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया और समाज के हर वर्ग को इस अभियान से जोड़ा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों को लगातार प्रोत्साहित करने का परिणाम अब दिखाई दे रहा है। दीपावली पर महालक्ष्मी पूजन से पहले घरों की सफाई करना और लक्ष्मी पूजन के साथ झाड़ू का पूजन करना हमारी परंपरा का हिस्सा रहा है। माता शीतला के हाथ में भी झाड़ू है। इससे पता चलता है कि भारतीय समाज में स्वच्छता का महत्व हमेशा से रहा है। यही स्वच्छता और शुचिता आज भारत की पहचान बन रही है। उन्होंने कहा कि होली, दीपावली जैसे त्योहारों को सफाई मित्रों के सहयोग के बिना मनाना संभव नहीं है। इसलिए समाज को उनके योगदान का सम्मान करना चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में मध्य प्रदेश को अलग-अलग 9 श्रेणियों में पुरस्कार मिले हैं। यह उपलब्धि प्रदेश के नागरिकों और स्वच्छता कर्मियों के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई शहरों और क्षेत्रों ने स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। इनमें ग्वालियर, बुंदेलखंड से सागर, महाकौशल से जबलपुर, मालवा से उज्जैन, इंदौर और देपालपुर, बघेलखंड से रीवा और मध्य क्षेत्र से बुधनी के स्वच्छता दूत शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जबलपुर को देश के स्वच्छ शहरों में दूसरा स्थान मिला है। वहीं बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन भी स्वच्छता के मामले में लगातार अपनी जगह बना रही है। उन्होंने कहा कि अब ग्वालियर को उसकी ऐतिहासिक विरासत और संगीत संस्कृति के साथ एक स्वच्छ शहर के रूप में भी पहचाना जाएगा। इस उपलब्धि के लिए शहर के लोग बधाई के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री ने ग्वालियर की सफलता के पीछे आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी को अहम बताया। उन्होंने कहा कि शहर में पहली बार रिस्क स्क्रीनिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा इटैलियन तकनीक पर आधारित 1200 टन क्षमता वाला अत्याधुनिक कचरा प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया गया। स्वच्छता का पुरस्कार दिलाने में इस संयंत्र की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
शहर के 66 वार्डों में करीब 10 हजार नागरिकों के साथ स्वच्छता संवाद किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे देश में अपनी तरह का अनूठा प्रयोग बताया। इस अभियान में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया। बच्चों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और घरों में निकलने वाले कचरे से खाद तैयार करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
उन्होंने स्वच्छ दीपावली अभियान की भी तारीफ की। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में शहर में 26 हजार से अधिक जरूरी वस्तुएं एकत्रित की गईं और उन्हें जरूरतमंदों को महज एक रुपये में उपलब्ध कराया गया। यह पहल स्वच्छता के साथ सामाजिक संवेदनशीलता का भी उदाहरण है।
ग्वालियर में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाई गई। इसके साथ ही 12 से 15 हजार परिवारों को नियमित सेवाओं से जोड़ा गया। सफाई मित्रों के स्वास्थ्य को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि शहर में सफाई कर्मियों के 500 से अधिक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। उनके बचाव के लिए जरूरी सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। इससे सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का प्रयास किया गया।
नागरिकों की समस्याओं के जल्द समाधान के लिए स्वच्छ ग्वालियर ऐप का इस्तेमाल किया गया। इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए करीब 3500 शिकायतों का निराकरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग मानकों और नए प्रयोगों के आधार पर ग्वालियर ने यह मुकाम हासिल किया है। स्वच्छता दूतों के समर्पण ने पूरे मध्य प्रदेश का मान बढ़ाया है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में ग्वालियर को स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवॉर्ड मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहर के सभी स्वच्छता मित्रों को बधाई दी और उनके योगदान के लिए आभार जताया। समारोह में प्रतीक स्वरूप 10 स्वच्छता मित्रों को मंच से सम्मानित किया गया। इनमें ममता/दिलीप, विमला/जगदीश, मीरा/मोहन, सगुन/रामस्वरूप, काजल/महेन्द्र, कमल/भूपेश, विनोद/सुंदर, नवल/अशोक, मनोज/घनश्याम और चन्द्र प्रकाश/कालीचरण शामिल रहे। इसके अलावा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में योगदान देने वाले स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए स्वच्छता दूतों के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने सफाई मित्रों के काम की सराहना की और उन्हें आगे भी इसी समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने अपने इस कदम के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया कि शहर को स्वच्छ बनाने वाले कर्मयोगियों का सम्मान केवल मंच से नहीं, बल्कि व्यवहार में भी होना चाहिए।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।