मध्य प्रदेश में दो साल में 22 नए मेडिकल कॉलेज शुरू होंगे। CM मोहन यादव ने 11 जिलों में PPP मॉडल पर कॉलेजों के लिए नए टेंडर जारी करने के निर्देश दिए।

भोपाल। मध्य प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाने के साथ एमबीबीएस सीटों की उपलब्धता भी बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए चिकित्सा महाविद्यालयों की स्थापना के लिए उपलब्ध सभी संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाए और जरूरी कार्रवाई में देरी न हो।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ये निर्देश मुख्यमंत्री निवास पर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने खास तौर पर पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में बनने वाले मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि इन चारों मेडिकल कॉलेजों का संचालन तय समय-सीमा के भीतर शुरू कराया जाए।

MP Medical Colleges: 11 जिलों में PPP मॉडल पर खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के 11 जिलों में पीपीपी मॉडल के तहत स्थापित होने वाले मेडिकल कॉलेजों को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने मुरैना, गुना, भिंड, टीकमगढ़, अशोकनगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेजों के लिए तत्काल नए टेंडर जारी करने को कहा।

सरकार की योजना इन जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित कर चिकित्सा शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार करने की है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया गया है, ताकि निर्माण और संचालन से जुड़े काम समय पर पूरे हो सकें। बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई और रश्मि अरुण शमी मौजूद रहीं।

Madhya Pradesh MBBS Seats: दो साल में 18,050 सीटों का लक्ष्य

बैठक में विभाग की ओर से प्रदेश में मौजूदा मेडिकल कॉलेजों और एमबीबीएस सीटों की स्थिति की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मध्य प्रदेश में 20 सरकारी और 14 निजी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इनमें एमबीबीएस की कुल 6,050 सीटें उपलब्ध हैं।

आने वाले दो वर्षों में छह नए सरकारी मेडिकल कॉलेज शुरू करने की तैयारी है। इनमें छतरपुर, दमोह और बुधनी के मेडिकल कॉलेजों के भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं उज्जैन, राजगढ़ और मंडला में भवन निर्माण का काम अभी जारी है। इसके अलावा बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में पीपीपी मॉडल के तहत मेडिकल कॉलेजों के संचालन के लिए अनुबंध भी किया जा चुका है। इन कॉलेजों को शुरू करने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Medical College in MP: दो साल में शुरू होंगे 22 नए मेडिकल कॉलेज

विभागीय जानकारी के मुताबिक, अगले दो वर्षों में प्रदेश में कुल 22 नए मेडिकल कॉलेजों का संचालन शुरू करने की योजना है। इनमें 11 जिलों में पीपीपी मॉडल पर स्थापित होने वाले मेडिकल कॉलेज, पहले से प्रस्तावित नए सरकारी मेडिकल कॉलेज और एक नया निजी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं।

इन 22 मेडिकल कॉलेजों की स्थापना के साथ ही पहले से संचालित मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और ज्यादा विद्यार्थियों को डॉक्टर बनने के लिए दाखिला मिल सकेगा।

इस पूरी योजना के तहत मध्य प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 56 हो जाएगी। वहीं एमबीबीएस सीटों की कुल संख्या 18,050 तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अरुणा कुमार सहित लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।