National Para Swimming Championship 2026: भोपाल में 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी चैंपियनशिप का आगाज हुआ। इसमें 26 राज्यों के 400 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए हर विधानसभा क्षेत्र में खेल स्टेडियम बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने की बात कही।

Bhopal Sports News: मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में वर्तमान में अलग-अलग खेलों की 11 अकादमियां संचालित हो रही हैं। इस साल मध्य प्रदेश के 32 खिलाड़ियों ने एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया और राज्य के खिलाड़ियों ने कुल 12 पदक अपने नाम किए, जिनमें दो रजत पदक शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पद्मश्री सत्येंद्र सिंह लोहिया ने खेल के क्षेत्र में अपने शानदार प्रदर्शन से मध्य प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। सरकार की योजना प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में बेहतर खेल स्टेडियम तैयार करने की है, ताकि खिलाड़ियों को अपने ही क्षेत्र में अभ्यास और प्रतियोगिताओं की सुविधाएं मिल सकें।

भोपाल बनेगा वॉटर स्पोर्ट्स का बड़ा केंद्र

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल तेजी से वॉटर स्पोर्ट्स के केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहां कयाकिंग, कैनोइंग और रोइंग के बाद सेलिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा चुका है। इसके अलावा बरखेड़ा नाथू में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स स्टेडियम तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यहां एशियन हॉकी के बड़े आयोजन से मध्य प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं लगातार आयोजित होती रहें।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत खिलाड़ियों, कोच और प्रशिक्षकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश अपने प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन स्थलों और खानपान के कारण देश-दुनिया के लोगों को आकर्षित करता है।

हर विधानसभा में बनेगा स्पोर्ट्स स्टेडियम

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी का परिणाम है कि राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में मध्य प्रदेश की रैंकिंग 17-18वें स्थान से सुधरकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।

उन्होंने बताया कि भोपाल के पास बरखेड़ा नाथू में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाया जा रहा है। इसके अलावा 19 नवंबर से मध्य प्रदेश में पहली बार एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन होगा, जिसमें एशिया के छह देशों की टीमें हिस्सा लेंगी।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश की हर विधानसभा में स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाने की योजना है। इन स्टेडियमों में पैरा खिलाड़ियों के लिए भी विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि दिव्यांग खिलाड़ी भी बेहतर संसाधनों के साथ अपनी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ा सकें।