
IAS Rakesh Agrawal: रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में मध्यप्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को आगरा से हिरासत में ले लिया है। हालांकि, आरोपी को आगरा से भोपाल लाते समय उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। इस दौरान हुई हाथापाई में गोली चल गई, जो आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के पास लगी। घटना 3 नवंबर की सुबह नीलजी नदी के पास ग्राम मुगालियाछाप रोड पर हुई। घायल आरोपी को तत्काल भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश पुलिस ने 2 नवंबर की शाम करीब 7 बजे मुख्य आरोपी को आगरा से अभिरक्षा में लिया था। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर भोपाल के लिए रवाना हुई। पुलिस आरोपी को लेकर आ रही थी, तभी 3 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे नीलजी नदी के पास यह घटना हुई।
ये भी पढ़ें- Jabalpur से पहली बार AIRLIFT होगा HEART! किसके सीने में धड़केगा नरेंद्र रजक का दिल?
बताया जा रहा है कि रास्ते में आरोपी ने वॉशरूम जाने के लिए पुलिसकर्मियों से गाड़ी रोकने को कहा। पुलिसकर्मी उसे सड़क किनारे ले जाने के लिए जैसे ही गाड़ी से नीचे उतरे, आरोपी ने अचानक एक पुलिसकर्मी की कमर में लगी सरकारी पिस्टल छीन ली। इसके बाद आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की। अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मियों और आरोपी के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
हाथापाई के दौरान पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल से गोली चल गई। गोली आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के पास लगी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल स्थिति को संभाला और घायल आरोपी को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- 'रील नहीं, रियल प्रॉब्लम सुलझाएं', CM मोहन यादव ने नए DSP को दिया 2029 का टारगेट
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 132 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश और पुलिसकर्मियों पर हमले के प्रयास के बाद यह कार्रवाई की गई है। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।