
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंधी समाज ने लंबे समय तक कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए अपनी मेहनत, जीवटता और संस्कारों को कायम रखा है। उनकी संघर्षशीलता और कर्मठता समाज के लिए प्रेरणादायक है। सिंधी समाज की मधुर बोली और सहज स्वभाव भी लोगों के दिल में खास जगह बनाता है। मुख्यमंत्री बुधवार को समत्व भवन, मुख्यमंत्री निवास से इंदौर में आयोजित सिंधु कला केंद्र के भूमिपूजन कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सिंधी समाज के संघर्ष, संस्कृति और गौरवशाली विरासत का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंधी समाज ने देश के विभाजन की विभीषिका को बेहद कठिन परिस्थितियों में झेला। लोगों को अपनी जन्मभूमि, घर और व्यापार तक छोड़ना पड़ा, लेकिन इस बड़े बदलाव के बावजूद समाज ने अपने संस्कार, धर्म और हौसले को नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि प्राचीन सिंधु घाटी सभ्यता का इतिहास सिंधी समाज के साथ-साथ हम सभी को भारत के गौरवशाली अतीत से परिचित कराता है। यही विरासत आज भी समाज की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंधी समाज स्वाभिमान के साथ जीवन जीने का प्रतीक बन चुका है। समाज ने कई बार मुश्किल परिस्थितियों को अवसर में बदला और अपनी पहचान व गौरव को मजबूती से बनाए रखा। प्रदेशवासियों को सिंधी समाज की इस विरासत और उपलब्धियों पर गर्व है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर में सिंधु कला केंद्र का भव्य और दिव्य भवन तैयार किया जाएगा। यह केंद्र केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि सिंधी समाज की कला, संस्कृति और विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से नई पीढ़ी को परिचित कराने में सिंधु कला केंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इससे समाज की ऐतिहासिक पहचान को भी एक स्थायी मंच मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सिंधी समाज के महापुरुषों को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने का अपना वादा पूरा किया है। इनमें वीर राजा दाहिर, समाज सुधारक एवं संत कंवरराम और शहीद हेमू कालानी जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के जीवन और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि युवा सिंधी समाज के संघर्ष, बलिदान और सामाजिक योगदान को समझ सकें। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान झूलेलाल का जयकारा भी लगाया। उन्होंने भूमि-पूजन कार्यक्रम में मौजूद लोगों को आश्वस्त किया कि सिंधु कला केंद्र के निर्माण के बाद होने वाले लोकार्पण कार्यक्रम में वे स्वयं शामिल होने जरूर आएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इंदौर पहुंचेंगे। वे लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की नगरी से एक महीने तक चलने वाले सेवा से संकल्प अभियान की शुरुआत करेंगे।
इस दौरान स्वामित्व योजना का भी शुभारंभ किया जाएगा और कई अन्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इंदौर में आयोजित सिंधु कला केंद्र के भूमिपूजन कार्यक्रम में स्थानीय सांसद शंकर लालवानी, ईश्वर झामनानी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के बड़ी संख्या में प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।