
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में भारत में जन्मी मादा चीता ‘मुखी’ द्वारा पाँच शावकों को जन्म देने पर खुशी व्यक्त की और बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुखी’ और उसके सभी पाँच शावक स्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि भारत में चीता पुनरुत्पादन कार्यक्रम के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
डॉ. यादव ने कहा कि 33 महीने की उम्र में ‘मुखी’ अब भारत में जन्मी पहली ऐसी मादा चीता बन गई है, जिसने शावकों को जन्म दिया है। यह प्रोजेक्ट चीता के इतिहास में एक बड़ा मील का पत्थर है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि भारतीय प्राकृतिक आवास चीता प्रजाति के लिए सुरक्षित और अनुकूल साबित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि भारत में स्वनिर्भर और आनुवंशिक रूप से विविध चीता आबादी बनाने की दिशा में मजबूत कदम है। इससे देश में जैव विविधता संरक्षण के प्रयासों को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिलेगा।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।