
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 9 अगस्त को भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की चार नई सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता हवाई मार्ग शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से रीवा की पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ करेंगे। इन नई सेवाओं के शुरू होने से प्रदेश की आंतरिक और अंतर्राज्यीय हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी। इन सेवाओं का संचालन अलायन्स एयर द्वारा किया जाएगा। इन सभी घरेलू हवाई मार्गों को मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति के अंतर्गत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। हर एक राउंड ट्रिप पर राज्य शासन द्वारा 10 लाख रुपए तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) दी जाएगी।
राज्य सरकार द्वारा हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है। मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न शहरों को देश के प्रमुख गंतव्यों से जोड़ने और नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। नीति के अंतर्गत अब तक 8 नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से चार मार्गों पर हवाई सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं, जबकि चार नए मार्गों पर सेवाएं प्रारंभ की जा रही हैं। नीति के अंतर्गत पहले प्रारंभ किए गए मार्गों में रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी शामिल हैं।
भोपाल-रीवा सीधी हवाई सेवा प्रदेश के भीतर हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी। इससे राजधानी भोपाल और विंध्य क्षेत्र के बीच सीधा हवाई संपर्क और सुदृढ़ होगा। इसी प्रकार भोपाल-पटना सीधी उड़ान से मध्यप्रदेश की राजधानी सीधे बिहार की राजधानी से जुड़ेगी। इससे दोनों राज्यों के बीच आवागमन सुगम होगा और मध्यप्रदेश में निवासरत बिहार की बड़ी आबादी के साथ यात्रियों, व्यापारियों एवं कारोबारियों को सुविधा मिलेगी। रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवाएं शुरू होने से प्रदेश के इन दोनों महत्वपूर्ण शहरों का कोलकाता और पूर्वी भारत से हवाई संपर्क मजबूत होगा।
नई सीधी हवाई सेवाओं से प्रदेश के नागरिकों को लंबी यात्राओं की तुलना में कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के साथ विभिन्न शहरों के बीच संपर्क को भी गति मिलेगी। नई हवाई सेवाओं का विस्तार प्रदेश में पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जारापु राममोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार, अलायन्स एयर के चेयरमैन अमित कुमार,सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।