
मुख्यमंत्री मोहन यादव का महिदपुर दौरा: उज्जैन जिले के महिदपुर में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 17 जून को 207.57 करोड़ रुपये की लागत वाले 19 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। इनमें 188.42 करोड़ की लागत का सामाकोटा बैराज, उप-स्वास्थ्य केंद्र भवन, महाविद्यालय भवन और कई स्कूल शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति देंगी।
मुख्यमंत्री ने महिदपुर की प्रसिद्ध मावा बाटी और गुलाटी का जिक्र करते हुए कहा कि यहां आने का अलग ही आनंद है। उन्होंने बताया कि यह स्थान भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता से जुड़ा हुआ माना जाता है। साथ ही डोंगला क्षेत्र का समय गणना में योगदान भी महत्वपूर्ण बताया गया। उन्होंने कहा कि राजा जयसिंह ने 300 साल पहले उज्जैन, काशी, जयपुर, मथुरा और दिल्ली में वेधशालाएं बनवाई थीं।
सीएम ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य और आर्यभट्ट की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए डोंगला में आधुनिक ऑब्जर्वेटरी स्थापित की गई है। सरकार का प्रयास है कि भविष्य में दुनिया का स्टैंडर्ड टाइम भी डोंगला से तय हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों और महिलाओं के लिए लगातार योजनाएं चलाई जा रही हैं। लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक लगभग 60 हजार करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। किसानों को एमएसपी पर 2652 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीदी का लाभ मिला है। सिंचाई क्षेत्र 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुका है और इसे 100 लाख हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं जैसे मुफ्त आवास, गैस कनेक्शन और 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सराहना की। साथ ही राज्य में एयर एंबुलेंस और राहवीर योजना का भी उल्लेख किया।
सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपने गलत कार्यों के कारण कमजोर हो रही है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को अनुभवहीन बताते हुए कहा कि इससे पार्टी आगे बढ़ने की बजाय पीछे जा रही है।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।